अंतिम सूची जारी फिर नियुक्ति आदेश पर किसका पहरा..? आंगनवाड़ी सहायिका के 5 पदों पर भर्ती के बाद भी नियुक्ति अटकी 23 दिन से फाइलों में उलझा अभ्यर्थियों का भविष्य......!

23 Nov, 2026 66 व्यूज
Main Photo
कुरई/सिवनी नायक दर्पण

महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। आंगनवाड़ी सहायिका के पांच पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी होने और सूची जारी होने के बावजूद पात्र अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति आदेश नहीं मिल सके हैं। आखिर ऐसी कौन सी अड़चन है, जो भर्ती की अंतिम सूची जारी होने के बाद भी नियुक्ति का रास्ता रोक रही है?
जानकारी के अनुसार, महिला एवं बाल विकास परियोजना कुरई कार्यालय द्वारा 30 अक्टूबर 2026 को अनंतिम/अंतिम सूची जारी की गई थी। इसके बाद निर्धारित अवधि में आपत्तियां आमंत्रित की गईं। बताया जा रहा है कि जिन आंगनवाड़ी केंद्रों के संबंध में समय-सीमा में कोई आपत्ति प्राप्त नहीं हुई, वहां नियमानुसार सात दिवस के भीतर नियुक्ति आदेश जारी किए जाने का प्रावधान है। इसके बावजूद 22 नवंबर तक आदेश जारी नहीं होना विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

जब आपत्ति नहीं तो नियुक्ति में देरी क्यों...?
अभ्यर्थियों का सवाल है कि जब भर्ती प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण पूरा हो चुका है, तो नियुक्ति आदेश जारी करने में आखिर किस बात का इंतजार किया जा रहा है? क्या विभागीय स्तर पर फाइलें जानबूझकर रोकी जा रही हैं या फिर कोई प्रशासनिक कारण है? विभाग को इसकी स्थिति सार्वजनिक करनी चाहिए।
परियोजना कार्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर पूर्व में भी भ्रष्टाचार और लेन-देन संबंधी आरोपों की चर्चाएं सामने आती रही हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मौजूदा मामले ने पारदर्शिता को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
स्थानीय नागरिकों ने कलेक्टर महोदया, सिवनी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। जिन केंद्रों पर कोई वैध आपत्ति लंबित नहीं है, वहां तत्काल नियुक्ति आदेश जारी कराए जाएं तथा अनावश्यक देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए।
अब सवाल यही है कि पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति कब मिलेगी और विभागीय देरी का जवाब कौन देगा..?