किसान की मजबूरी या विभाग की मनमानी.. ? 15 दिन बाद भी चना बीज के लिए भटक रहा अन्नदाता... 3 हजार रुपये मांगने का आरोप रसीद देने से इनकार... कलेक्टर कार्यालय में शिकायत... जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली जांच के घेरे में...!

19 Nov, 2026 227 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

किसानों को खेती के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के दावे कृषि विभाग की जमीनी हकीकत के सामने कमजोर नजर आ रहे हैं। रबी सीजन 2026-27 में चना बीज प्राप्त करने के लिए एक सीमांत किसान पिछले 15 दिनों से कृषि विभाग के चक्कर काटता रहा, लेकिन उसे बीज मिलने के बजाय तारीख पर तारीख मिलती रही। इतना ही नहीं, संबंधित कृषि विस्तार अधिकारी पर 3 हजार रुपये मांगने और राशि के बदले रसीद अथवा प्रमाण पत्र नहीं देने का गंभीर आरोप भी लगाया गया है। किसान ने उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग को लिखित शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता हुकुमचंद सनोडिया के अनुसार, उन्होंने कम पानी में चने की फसल लेने के उद्देश्य से खेत तैयार कर लिया था। बीज प्राप्त करने के लिए खसरा, किसान किताब, आधार कार्ड और बैंक खाते सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रतियां भी जमा कर दी थीं। इसके बावजूद उन्हें करीब 15 दिनों तक कार्यालय के चक्कर लगाने पड़े।
किसान का आरोप है कि पहले कृषि विस्तार अधिकारी ए.के. साडिल ने चार-पांच दिनों में बीज उपलब्ध कराने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में मेडिकल अवकाश पर चले गए। इसके बाद प्रभार संभाल रहीं कृषि विस्तार अधिकारी आरती पानतोने से संपर्क किया गया। आरोप है कि उन्होंने भी किसान को लगातार आज-कल आने की बात कहकर टाल दिया।

3 हजार रुपये की मांग, लेकिन रसीद कहां..?
शिकायत के मुताबिक, 17 नवंबर को भी किसान को कार्यालय बुलाकर इंतजार कराया गया और फिर दो दिन बाद आने को कहा गया। परेशान किसान ने जब बोवनी का समय निकलने की बात कही तो आरोप है कि उससे 3 हजार रुपये नगद मांगे गए। किसान ने बीज की मात्रा और कीमत दर्ज कर रसीद मांगी, लेकिन रसीद उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई। विभागीय सील और हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण भी नहीं दिया गया। प्रमाणिक दस्तावेज नहीं मिलने पर किसान ने राशि वापस ले ली।

डीडीए बोले- 3 हजार में 60 किलो बीज...!
इस मामले में उप संचालक सुधीर धुर्वे ने बताया कि शासन की निर्धारित दर के अनुसार 3 हजार रुपये में 60 किलोग्राम चना बीज दिया जा रहा है। बीज सोसायटी में भी उपलब्ध है।

अब जांच की बारी....!
सवाल यह है कि जब शासन निर्धारित दर पर बीज उपलब्ध करा रहा है तो किसान को 15 दिनों तक क्यों भटकना पड़ा? भुगतान के बदले रसीद और प्रमाण देने में परेशानी क्यों हुई? हुकुमचंद सनोडिया ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने और नियमानुसार कार्रवाई के साथ तत्काल बीज उपलब्ध कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि कृषि विभाग आरोपों की जांच करता है या मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में दबकर रह जाता है।