नायक दर्पण की खबर का बड़ा असर! सकरी पंचायत में चबूतरा निर्माण घोटाले की जांच में खुली पोल, 2.89 लाख की वसूली प्रस्तावित! जिस निर्माण को जमीन पर होना था, वह कागजों में दौड़ता रहा! नायक दर्पण ने उठाया था मामला, अब सरकारी जांच प्रतिवेदन में पूर्व सरपंच, व

19 Nov, 2026 168 व्यूज
Main Photo

नायक दर्पण/बालाघाट।
भ्रष्टाचार के खिलाफ नायक दर्पण अखबार द्वारा लगातार उठाई जा रही आवाज का असर अब सरकारी जांच के दस्तावेजों में भी दिखाई देने लगा है। ग्राम पंचायत सकरी में हनुमान मंदिर और गांधी चौक पर चबूतरा निर्माण के नाम पर सरकारी राशि खर्च किए जाने के बावजूद मौके पर निर्माण नहीं होने का मामला नायक दर्पण ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशन के बाद मामला प्रशासनिक स्तर पर चर्चा में आया और जनसुनवाई में दर्ज शिकायत के आधार पर जांच की गई। अब जांच प्रतिवेदन में ऐसा खुलासा हुआ है, जिसने पंचायत के जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खबर के बाद जांच, जांच में सामने आई अनियमितता!
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
ग्राम पंचायत सकरी में चबूतरा निर्माण के नाम पर कथित अनियमितता का मामला सामने आने के बाद जनसुनवाई शिकायत क्रमांक 759190 दिनांक 8 सितंबर 2026 के आधार पर जांच प्रक्रिया शुरू हुई। 1 अक्टूबर 2026 को जांच दल ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की।
जांच प्रतिवेदन के अनुसार हनुमान मंदिर के पास चबूतरा निर्माण के लिए 1.75 लाख रुपये तथा गांधी चौक में चबूतरा निर्माण के लिए 1.15 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई थी। लेकिन जांच के दौरान दोनों स्वीकृत स्थलों पर चबूतरा निर्माण नहीं पाया गया। यानी सरकारी रिकॉर्ड में निर्माण कार्य और भुगतान का हिसाब मौजूद था, लेकिन मौके पर निर्माण की स्थिति अलग मिली।

एक जगह निर्माण नहीं, दूसरी जगह बदल दिया गया स्थल!
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
जांच में यह भी सामने आया कि ग्राम पंचायत की बैठक में 17 जून 2024 के प्रस्ताव क्रमांक 04 का हवाला देते हुए निर्माण स्थल बदलकर ग्राम देवसरा में चबूतरा निर्माण कराया गया। जांच दल ने इस प्रक्रिया को नियमानुसार नहीं माना। सवाल यह है कि जिस स्थान के लिए सरकारी राशि स्वीकृत हुई थी, वहां निर्माण किए बिना कार्यस्थल बदलने की अनुमति किस आधार पर दी गई?

तीन जिम्मेदारों से 2,89,519 रुपये की वसूली प्रस्तावित!
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
जांच प्रतिवेदन के अंतिम निष्कर्ष में पूर्व कार्यवाहक सरपंच लक्ष्मी कांगाली से 75,440 रुपये, वर्तमान सरपंच सोनलाल मस्काम से 69,319 रुपये और प्रभारी सचिव अनिता पारधी से 1,44,759 रुपये की वसूली योग्य राशि निर्धारित की गई है। इस प्रकार कुल 2 लाख 89 हजार 519 रुपये की वसूली प्रस्तावित की गई है।
जांच प्रतिवेदन पर उपयंत्री अर्पणा पटले, पंचायत समन्वयक मिथिलेश हिरनखेड़े और अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी पूजा बिजोरिया के हस्ताक्षर भी हैं।

अब प्रशासन की अग्निपरीक्षा, वसूली होगी या फाइलों में दबेगा मामला?
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
नायक दर्पण द्वारा इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद जांच प्रतिवेदन में सामने आए तथ्यों ने पूरे प्रकरण को नई दिशा दे दी है। लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जांच में वसूली योग्य राशि निर्धारित होने के बाद प्रशासन आगे क्या कार्रवाई करता है? क्या संबंधित जिम्मेदारों से पूरी राशि वसूल की जाएगी? क्या कार्यस्थल बदलने और निर्माण नहीं होने के मामले में जवाबदेही तय होगी?
नायक दर्पण का स्पष्ट सवाल है कि सरकारी धन जनता के विकास के लिए है, किसी की लापरवाही या अनियमितता की कीमत चुकाने के लिए नहीं। अब केवल जांच प्रतिवेदन जारी करना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि वसूली और नियमानुसार कार्रवाई भी जमीन पर दिखाई देनी चाहिए।