सकरी में चबूतरा नहीं, भ्रष्टाचार का खड़ा हुआ महल! चबूतरे के नाम पर डकार गए सरकारी धन, जांच के बाद भी लीपापोती से ग्रामीणों में आक्रोश।

16 Nov, 2026 302 व्यूज
Main Photo

नायक दर्पण/बालाघाट।
जिले की जनपद पंचायत बालाघाट के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सकरी इन दिनों भ्रष्टाचार और प्रशासनिक मिलीभगत का सबसे बड़ा अड्डा बन चुकी है। यहां के जनप्रतिनिधियों और पंचायत के नुमाइंदों ने विकास के नाम पर सरकारी खजाने को खुलेआम लूटने का जो खेल खेला है, उसने शासन की मंशा पर पानी फेर दिया है। ग्राम पंचायत में कागजों पर दो-दो सार्वजनिक चबूतरों का निर्माण दिखाकर पूरी राशि डकार ली गई, लेकिन ज़मीन पर हकीकत यह है कि वहां एक ईंट तक नहीं रखी गई। इस सनसनीखेज भ्रष्टाचार के खिलाफ अब ग्रामीणों का सब्र पूरी तरह टूट चुका है और उनका गुस्सा कभी भी बड़े विस्फोट का रूप ले सकता है।

कागजों पर चमक रहे चबूतरे, ज़मीन पर सिर्फ सन्नाटा और मक्कारियां
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
ग्रामीणों ने बेहद आक्रामक लहजे में बताया कि पंचायत के भ्रष्ट सरपंच और सचिव ने ग्रामीणों की आंखों में धूल झोंकते हुए सरकारी धन का जमकर दुरुपयोग किया है। गांव के विकास के लिए आए पैसों को डकारने के लिए कागजी घोड़े दौड़ाए गए और फर्जी मूल्यांकन कराकर पूरा भुगतान भी हड़प लिया गया।
जब जागरूक ग्रामीणों ने इस फर्जीवाड़े की थाह ली, तो पता चला कि जिन सार्वजनिक चबूतरों को बनकर तैयार होना चाहिए था, उनका ज़मीन पर दूर-दूर तक कोई वजूद ही नहीं है। जनता के खून-पसीने की कमाई और टैक्स के पैसों की इस खुली लूट ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

लिखित शिकायतों के बाद भी अधिकारियों की आंखें बंद
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
घोटाले की भनक लगते ही सकरी के आक्रोशित ग्रामीणों ने चुप बैठने के बजाय सिस्टम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ग्रामीणों ने इस भ्रष्टाचार की परत-दर-परत पोल खोलते हुए जनपद पंचायत CEO, जिला पंचायत CEO और सूबे के जिला कलेक्टर को लिखित और पुख्ता शिकायतें सौंपी। उम्मीद थी कि उच्च अधिकारी इस पर तत्काल एक्शन लेंगे और भ्रष्टाचारियों को सलाखों के पीछे भेजेंगे।

CEO के मौके पर पहुँचने और पुष्टि के बाद भी 'शून्य कार्रवाई'
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
ग्रामीणों की शिकायत और बढ़ते जनाक्रोश का दबाव ऐसा था कि खुद जनपद पंचायत के CEO ने सकरी गांव का दौरा किया और मौके पर जाकर स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह दूध का दूध और पानी का पानी हो गया कि धरातल पर कोई भी चबूतरा नहीं बना है और भ्रष्टाचार का आरोप शत-प्रतिशत सही है।
लेकिन हैरानी और शर्मनाक बात यह है कि जांच में दोष सिद्ध होने के बावजूद आज दिनांक तक दोषी सरपंच और सचिव के खिलाफ एक तिनके के बराबर भी प्रशासनिक कार्रवाई नहीं की गई है!

जब बड़े अधिकारी ही दे रहे शह, तो बेबस ग्रामीण जाएं कहां?
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
इस लचर और संदेहास्पद कार्यप्रणाली ने अब प्रशासनिक अमले की भूमिका पर भी बहुत बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। ग्रामीण सवाल पूछ रहे हैं कि जब जांच अधिकारी खुद अपनी आंखों से फर्जीवाड़ा देख चुके हैं, तब भी दोषियों को क्यों बचाया जा रहा है? क्या बड़े अधिकारी खुद इस भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं? यदि न्याय के रखवाले ही लुटेरों की ढाल बन जाएंगे, तो ये बेबस और लाचार ग्रामीण न्याय की भीख मांगने आखिर किसके पास जाएं?

जिला पंचायत कार्यालय के सामने करेंगे आमरण अनशन और भूख हड़ताल
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
प्रशासन की इस ढुलमुल नीति और भ्रष्टाचार के संरक्षण से उबल रहे ग्रामीणों ने अब आर-पार की अंतिम लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है। ग्रामीणों ने दो-टूक चेतावनी दी है कि यदि चंद दिनों के भीतर भ्रष्ट सरपंच और सचिव पर एफआईआर दर्ज कर गपकाई गई सरकारी राशि की एक-एक पाई वसूल नहीं की गई, तो वे चुप नहीं बैठेंगे।
ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि वे मजबूरन जिला पंचायत बालाघाट कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे और जोरदार धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी ज़िम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी!