ओबीसी की प्रमाणिक जातिवार जनगणना और पृथक कॉलम की मांग को लेकर 28 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में उमड़ेगा देशभर का जनसैलाब..!

15 Nov, 2026 111 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

देशभर के ओबीसी संगठनों ने सामूहिक रूप से लिया आंदोलन का निर्णय, केंद्र सरकार पर वादाखिलाफी और ओबीसी समाज को स्पष्ट पहचान से वंचित रखने के आरोप। पृथक ओबीसी कॉलम, जातिवार ड्रॉपडाउन सूची और प्रत्येक जाति के लिए विशिष्ट कोड निर्धारित करने की प्रमुख मांग। अधिवक्ता उमेश गोल्हानी बंधु ने ओबीसी समाज सहित समस्त न्यायवादी, समतावादी एवं संविधानवादी नागरिकों से आंदोलन में पहुंचने और सहयोग की अपील की।

लखनादौन। आगामी जनगणना में जातिगत गणना को लेकर देशभर में ओबीसी समाज के बीच उठ रहे सवालों और असंतोष के बीच 28 नवंबर 2026 को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में एक व्यापक आंदोलन आयोजित किया जाएगा। देशभर के विभिन्न ओबीसी संगठनों के प्रतिनिधियों ने आपसी विचार-विमर्श और सामूहिक सहमति से यह निर्णय लिया है। आंदोलन का प्रमुख उद्देश्य ओबीसी समाज की प्रमाणिक जातिवार जनगणना, जनगणना प्रपत्र में पृथक ओबीसी कॉलम, सभी ओबीसी जातियों की मानकीकृत ड्रॉपडाउन सूची तथा प्रत्येक जाति के लिए विशिष्ट कोड निर्धारित कराने की मांग को राष्ट्रीय स्तर पर बुलंद करना है। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने 30 अप्रैल 2025 को आगामी जनगणना में जातिगत गणना शामिल करने का निर्णय घोषित किया था। इस निर्णय को सरकार की ओर से ऐतिहासिक कदम के रूप में प्रचारित भी किया गया। लेकिन जनगणना प्रपत्र में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की तरह ओबीसी के लिए पृथक कॉलम अथवा स्पष्ट श्रेणी का प्रावधान नहीं होने से ओबीसी संगठनों और सामाजिक चिंतकों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि केवल जाति का नाम दर्ज करने की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। यदि ओबीसी जातियों की पहचान, वर्गीकरण, मानकीकरण और गणना के लिए स्पष्ट एवं एकरूप व्यवस्था नहीं बनाई गई, तो जातिवार आंकड़ों के संकलन, विश्लेषण और प्रकाशन की विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है।
ओबीसी संगठनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार जातिगत जनगणना का श्रेय तो लेना चाहती है, लेकिन ओबीसी समाज को उसकी स्पष्ट और प्रमाणिक पहचान देने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित नहीं कर रही है। इसे सरकार की घोषित प्रतिबद्धता से पीछे हटने और ओबीसी समाज के साथ वादाखिलाफी के रूप में देखा जा रहा है। कुछ ओबीसी चिंतकों ने इसे ओबीसी समाज के अधिकारों और वास्तविक जनसंख्या को सामने आने से रोकने की सुनियोजित कोशिश बताते हुए सरकार की मंशा पर भी सवाल उठाए हैं।

आंदोलन की प्रमुख मांगें

आंदोलन के माध्यम से मांग की जाएगी कि जनगणना प्रपत्र में ओबीसी के लिए पृथक एवं स्पष्ट कॉलम निर्धारित किया जाए, देशभर की सभी ओबीसी जातियों की प्रमाणिक और मानकीकृत ड्रॉपडाउन सूची उपलब्ध कराई जाए तथा प्रत्येक जाति के लिए अलग विशिष्ट कोड निर्धारित हो। इसके साथ ही जातियों के नामों में प्रचलित भिन्नताओं और क्षेत्रीय विविधताओं को ध्यान में रखते हुए एकरूप वर्गीकरण की व्यवस्था बनाई जाए, जातिवार आंकड़ों का वैज्ञानिक एवं पारदर्शी संकलन हो और प्राप्त आंकड़ों को सार्वजनिक किया जाए, ताकि शिक्षा, रोजगार, प्रशासन, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और संसाधनों में न्यायसंगत हिस्सेदारी सुनिश्चित करने के लिए ठोस नीतियां बनाई जा सकें।

सामाजिक कार्यकर्ता, ओबीसी चिंतक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता उमेश गोल्हानी बंधु, लखनादौन ने कहा कि जातिगत जनगणना का निर्णय घोषित कर देना ही पर्याप्त नहीं है। सवाल यह है कि जब देश में एससी और एसटी के लिए पृथक पहचान एवं श्रेणी की व्यवस्था है, तो ओबीसी समाज के लिए वैसी स्पष्ट व्यवस्था क्यों नहीं? ओबीसी की वास्तविक जनसंख्या और जातिवार स्थिति सामने लाने के लिए पृथक कॉलम, प्रमाणिक ड्रॉपडाउन सूची और प्रत्येक जाति का विशिष्ट कोड अनिवार्य है। अन्यथा जातियों के नामों में भिन्नता, वर्गीकरण की विसंगतियां और आंकड़ों के संकलन में अस्पष्टता जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्रमाणिक आंकड़ों के बिना सामाजिक न्याय, समान अवसर और प्रतिनिधित्व की मांगों को प्रभावी आधार नहीं मिल सकता।
अधिवक्ता गोल्हानी बंधु ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक जाति, संगठन अथवा व्यक्ति का आंदोलन नहीं है, बल्कि देश की उस बहुसंख्यक आबादी की पहचान, अधिकारों और न्यायसंगत हिस्सेदारी से जुड़ा व्यापक संवैधानिक सवाल है, जिसे ओबीसी के रूप में जाना जाता है। उन्होंने देशभर के ओबीसी संगठनों, सामाजिक एवं जातीय संगठनों, बुद्धिजीवियों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रगतिशील विचारकों तथा समस्त न्यायवादी, समतावादी और संविधानवादी नागरिकों से 28 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने और हरसंभव सहयोग प्रदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अब समय केवल आश्वासनों और घोषणाओं से संतुष्ट होने का नहीं, बल्कि अपने संवैधानिक अधिकारों, वास्तविक जनसंख्या और उचित हिस्सेदारी के लिए संगठित एवं लोकतांत्रिक आवाज बुलंद करने का है। जातिगत जनगणना का श्रेय लेना है तो ओबीसी को उसकी स्पष्ट पहचान भी देनी होगी। ओबीसी की प्रमाणिक जातिवार जनगणना, पृथक कॉलम और विशिष्ट जाति कोड सामाजिक न्याय की दिशा में अनिवार्य कदम हैं।