महिला नेतृत्व को मजबूती देने के साथ ओबीसी के संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई को देंगी नई दिशा....पार्वती साहू बनीं अखिल भारतीय तेली महासभा की छत्तीसगढ़ महिला प्रदेश अध्यक्ष...!
04 Nov, 2026
6 व्यूज
रायपुर नायक मंगल
अखिल भारतीय तेली महासभा ने संगठनात्मक विस्तार और महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती पार्वती साहू को छत्तीसगढ़ महिला प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। 25 अक्टूबर 2026 को जारी मनोनयन पत्र के माध्यम से उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
श्रीमती पार्वती साहू सामाजिक क्षेत्र में संविधान प्रदत्त अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने तथा समाज में व्याप्त पाखंड, अंधश्रद्धा, अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध लगातार सक्रिय रही हैं। उनके सामाजिक सरोकारों, मुखर विचारों और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए महासभा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें यह दायित्व सौंपा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बाबूलाल लाल राठौर सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की सहमति से हुई इस नियुक्ति को छत्तीसगढ़ में महिला संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय तेली महासभा मध्यप्रदेश के विधिक सलाहकार एवं वरिष्ठ अधिवक्ता उमेश गोल्हानी बंधु ने पार्वती साहू को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में महिला संगठन मजबूत होगा और ओबीसी सहित समस्त पिछड़ा वर्ग के संवैधानिक अधिकारों की मुहिम को नई ऊर्जा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ओबीसी की स्वतंत्र एवं प्रमाणिक जातीय जनगणना, जनगणना में पृथक ओबीसी कॉलम, आबादी के अनुपात में हिस्सेदारी, प्रतिनिधित्व और आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक जनजागरूकता की आवश्यकता है। नए दायित्व के माध्यम से इन विषयों को समाज के बीच प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर मिलेगा।
अधिवक्ता गोल्हानी ने कहा कि सामाजिक प्रगति के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण, समानता, संवैधानिक चेतना और सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। पार्वती साहू की नियुक्ति पर समाज के पदाधिकारियों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!