पंचायत स्तर पर जनसुनवाई गांव-गांव पहुंचा प्रशासन, ग्राम पंचायतों में हुई मंगलवार जनसुनवाई... ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं मौके पर कुछ आवेदनों का निराकरण; लंबित मामलों को कार्रवाई के लिए भेजा उपर.....!
08 Sep, 2026
15 व्यूज
केवलारी/सिवनी नायक दर्पण
शासन के निर्देश एवं कलेक्टर सिवनी के आदेश के पालन में मंगलवार को केवलारी तहसील क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जनसुनवाई आयोजित की गई। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुनना और उनके त्वरित निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।
केवलारी तहसील अंतर्गत केवलारी, पलारी एवं उगली सर्किल की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित जनसुनवाई में पटवारियों सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे और राजस्व समेत अन्य विभागों से जुड़े मामलों के आवेदन प्रस्तुत किए।
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को संबंधित अधिकारियों द्वारा दर्ज किया गया। इनमें से कुछ प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि तत्काल समाधान संभव नहीं होने वाले मामलों को संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के पास आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।
तहसील मुख्यालय जाने की परेशानी हुई कम........
ग्राम पंचायत स्तर पर जनसुनवाई आयोजित होने से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के लिए तहसील मुख्यालय तक जाने की आवश्यकता कम हुई है। गांव में ही प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों के समक्ष अपनी समस्या रखने का अवसर मिलने से ग्रामीणों को सुविधा मिली।
कलेक्टर के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को ग्राम पंचायत स्तर पर जनसुनवाई आयोजित करने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन का उद्देश्य इस व्यवस्था के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर चिन्हित कर उनके शीघ्र निराकरण की प्रक्रिया को गति देना है।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!