लाल मिट्टी से दलदल बनी सड़क स्कूली बच्चों ग्रामीण का पैदल चलना भी मुश्किल...बदहाली पर ग्रामीणों में नाराजगी...शिकायत वापस लेने का दबाव...
08 Sep, 2026
10 व्यूज
धनोरा/सिवनी नायक दर्पण
जनपद पंचायत धनोरा की ग्राम पंचायत थांवरी (बरेली) अंतर्गत केवलारी खेड़ा से थांवरी जाने वाली करीब एक किलोमीटर सड़क बारिश में दलदल में तब्दील हो गई है। सड़क पर कीचड़ और फिसलन के कारण ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बच्चे कीचड़ से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं, जबकि साइकिल लेकर निकलना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर हाड़-मुरम डालने के बजाय लाल मिट्टी डाल दी गई, जिसके चलते बारिश होते ही सड़क की हालत और खराब हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में किसी व्यक्ति के बीमार होने पर उसे अस्पताल या मुख्य मार्ग तक पहुंचाना भी चुनौती बन जाता है।
शिकायत वापस लेने का दबाव........!
सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतें दर्ज कराई थीं। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बाद ग्राम पंचायत थांवरी के सचिव राजेश बकोड़े शिकायतकर्ताओं के पास पहुंचकर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाते हैं। आरोप है कि शिकायतकर्ताओं से यह कहकर शिकायत कटवाने का आग्रह किया जाता है कि “साहब का फोन आ रहा है, आपका काम हो जाएगा।” ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने पर थाने में एफआईआर दर्ज कराने की बात कहकर डराया जाता है।
दो लाख रुपये के मुरम कार्य का दावा.......!
ग्रामीणों के मुताबिक करीब 10-12 लोगों ने सीएम हेल्पलाइन में सड़क को लेकर शिकायत की थी। शिकायत के बाद उन्हें बताया गया कि सड़क के आवश्यक हिस्सों में मुरम डालने के लिए करीब दो लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई जा रही है। इसके बावजूद ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ और लाल मिट्टी डालने से समस्या और बढ़ गई।
जांच और कार्रवाई की मांग.........!
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क का मौके पर निरीक्षण कराने, उपयोग की गई सामग्री की गुणवत्ता और खर्च की जांच करने तथा शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाए जाने के आरोपों की भी जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क को शीघ्र आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि स्कूली बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों को राहत मिल सके।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!