रास्ता रोककर मारपीट व गाली-गलौज का आरोप, उपसरपंच सहित दो के खिलाफ मामला दर्ज

07 Sep, 2026 12 व्यूज
Main Photo
बालाघाट नायक दर्पण

परसवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बिजाटोला में रास्ता रोककर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ग्राम पंचायत परसवाड़ा के उपसरपंच भजन लाल उइके सहित एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम बिजाटोला निवासी फरियादी 3 सितंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे पिकअप वाहन से चंदना रोड स्थित शिव मंदिर के पास से गुजर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान उपसरपंच भजन लाल उइके ने कथित रूप से अपने वाहन को पिकअप के सामने खड़ा कर रास्ता रोक दिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए विवाद और मारपीट किए जाने की शिकायत फरियादी ने पुलिस से की है।
शिकायत के मुताबिक इसी दौरान भजन लाल उइके के भांजे भाऊ भैया भी मौके पर पहुंचे और उनके द्वारा भी कथित रूप से गाली-गलौज एवं मारपीट की गई। फरियादी ने बताया कि मारपीट में उसके हाथ में चोट आई। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों द्वारा बीच-बचाव किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।

फरियादी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि ग्राम पंचायत से जुड़े प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्य को लेकर उसके द्वारा पूर्व में संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत की गई थी। शिकायतकर्ता ने इसी पुराने विवाद को घटना से जोड़ते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना 3 सितंबर की रात करीब 10:28 बजे पुलिस को मिली। इसके बाद परसवाड़ा थाने में शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।