रैपिड टेस्ट में फेल हुआ दूध खाद्य सुरक्षा टीम ने लिए लीगल सैंपल... खाद्य सुरक्षा कार्रवाई और फेल नमूनों पर फोकस...!
02 Sep, 2026
21 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
सिवनी में डेयरियों और दूध संकलन केंद्रों पर जांच से हड़कंप, किराना दुकानों से भी खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
सिवनी। दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा प्रशासन मध्यप्रदेश द्वारा उपलब्ध कराई गई मिल्क रैपिड टेस्टिंग किट के माध्यम से शहर की डेयरियों और दूध संकलन केंद्रों पर मौके पर ही दूध की जांच की जा रही है। रैपिड जांच में नमूना फेल पाए जाने पर नियमानुसार लीगल सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।
02 सितंबर को खाद्य सुरक्षा टीम ने सिवनी शहर की दर्शन दूध डेयरी, बारापत्थर, दिनशाज दूध डेयरी तथा गोपालगंज स्थित क्वालिटी दूध डेयरी से दूध के नमूने लेकर रैपिड किट से जांच की। जांच में नमूना फेल पाए जाने पर दिनशाज दूध डेयरी से गाय के दूध का लीगल सैंपल लिया गया।
इससे एक दिन पहले 01 सितंबर को की-पावर दूध डेयरी से गाय का दूध, गाय-भैंस का दूध और मिश्रित दूध तथा अभय दूध डेयरी से गाय एवं मिश्रित दूध के नमूने लिए गए। आस्था रोड स्थित नंदी दूध संकलन केंद्र पर भी दूध और मिश्रित दूध की रैपिड जांच की गई। जिन नमूनों में मानक को लेकर गड़बड़ी मिली, उनके लीगल सैंपल नियमानुसार लिए गए।
खाद्य सुरक्षा टीम ने केवल दूध तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी। बरघाट के गजेंद्र किराना स्टोर से मूंगफली, तुअर दाल, सोया बड़ी और साबूदाना के नमूने लिए गए। गोरेगांव के मां विंध्यवासिनी किराना स्टोर से सूजी, गोपालगंज के अजय किराना स्टोर से लाल मिर्च पाउडर, गुप्ता किराना स्टोर से किशमिश एवं खारक तथा कैलाश साहू किराना स्टोर से सौंफ और सोया बड़ी के नमूने जांच के लिए लिए गए।
वहीं खेरी टेक स्थित रूपक ट्रेडर्स में खाद्य कारोबार के लिए आवश्यक सही पंजीयन नहीं पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा नियमानुसार प्रकरण दर्ज किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की लगातार जांच से दूध एवं खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर कारोबारियों में सतर्कता बढ़ी है। अब लीगल सैंपलों की प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि रैपिड जांच में फेल पाए गए नमूनों में वास्तविक रूप से कौन-कौन से मानकों का उल्लंघन मिला है।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!