पौधा लगाओ जीवन बचाओ का संदेश विधिक जागरूकता शिविर में ग्रामीणों को दी कानून की जानकारी....
30 Aug, 2026
44 व्यूज
वारासिवनी(बालाघाट) नायक दर्पण
ग्राम पंचायत तुमाड़ी में तहसील विधिक सेवा समिति के तत्वावधान में विधिक एवं जन-जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय राज ठाकुर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को कानून, न्याय व्यवस्था और दैनिक जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण का आह्वान.....
शिविर में पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। न्यायाधीश ने “पौधा लगाओ और जीवन बचाओ” का संदेश देते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। साथ ही संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों के साथ नागरिकों के कर्तव्यों की जानकारी दी गई।
न्यायालयों की कार्यप्रणाली समझाई.....
ग्रामीणों को सिविल न्यायालय, उच्च न्यायालय एवं सर्वोच्च न्यायालय की कार्यप्रणाली के बारे में बताया गया। राजस्व न्यायालय में भूमि सीमांकन और बंटवारे से जुड़े मामलों तथा सिविल न्यायालय के अधिकार क्षेत्र की भी जानकारी दी गई। विवाद या घटना होने पर मौखिक शिकायत के बजाय लिखित शिकायत देने की सलाह दी गई।
निःशुल्क विधिक सहायता की दी जानकारी......
जरूरतमंद पात्र लोगों को तहसील विधिक सेवा समिति एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता और अधिवक्ता उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। आगामी 12 सितंबर को होने वाली लोक अदालत के बारे में भी ग्रामीणों को बताया गया।
साइबर अपराध से बचाव के लिए फर्जी संदेशों, अनजान कॉल और पैसे दोगुने करने के झांसे से सावधान रहने की समझाइश दी गई। कार्यक्रम में सचिव भोजलाल पारधी, उपसरपंच अलका गजभिए सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!