महात्मा ज्योतिबा फुले मिडिल स्कूल में रक्षा बंधन पर हुई मेहंदी एवं राखी मेकिंग प्रतियोगिता

27 Aug, 2026 137 व्यूज
Main Photo
नायक दर्पण/बालाघाट।

महात्मा ज्योतिबा फुले मिडिल स्कूल, सरेखा में रक्षा बंधन के पावन पर्व के अवसर पर मेहंदी एवं राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 2वीं से 5वीं तक के विद्यार्थियों को ग्रुप-A तथा कक्षा 6वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों को ग्रुप-B में शामिल किया गया।

राखी मेकिंग प्रतियोगिता के ग्रुप-A में प्रशांत पांचे ने प्रथम, अनन्या लिल्हारे ने द्वितीय तथा राम हरदे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ग्रुप-B में जान्हवी कावरे प्रथम, खिलेश यादव द्वितीय तथा अमन हरदे तृतीय रहे।

मेहंदी प्रतियोगिता के ग्रुप-A में याचना कावरे ने प्रथम, टीना यादव ने द्वितीय तथा ध्रुवी ठाकरे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए रंग-बिरंगी एवं आकर्षक राखियां तैयार कीं। वहीं छात्राओं ने अपने हाथों पर सुंदर मेहंदी रचाकर अपनी कला प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

संस्था के प्रधानपाठक श्री राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति एवं पारंपरिक त्योहारों के प्रति प्रेम और सम्मान की भावना विकसित करने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना है। संस्था के संचालक श्री सनतराम पांचे ने विद्यार्थियों के उमंग एवं उत्साह की सराहना करते हुए उन्हें स्नेहाशीष प्रदान किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की समस्त शिक्षिकाओं का सहयोग, अथक परिश्रम, मार्गदर्शन एवं व्यवस्थित संचालन सराहनीय रहा। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका पूर्व वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती मनीषा लिल्हारे, श्रीमती कोमल चौहान, कु. आंचल बोपचे एवं कु. शीतल ठाकरे ने निभाई।

वहीं प्रतियोगिता का सफल संचालन वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती वैशाली ग्वालवंशी एवं कु. आसी दमाहे द्वारा किया गया। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में रचनात्मकता, उत्साह और भारतीय परंपराओं के प्रति जुड़ाव की भावना को और मजबूत किया।