ओडिशा से यूपी तक गांजा तस्करी का नेटवर्क बेनकाब...हाईवे पर पुलिस की नाकाबंदी से खुला तस्करी का खेल...पुलिस की बड़ी कार्रवाई...!

26 Aug, 2026 117 व्यूज
Main Photo

छिंदवाड़ा/अमरवाड़ा नायक दर्पण

अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमरवाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 320.80 किलोग्राम गांजा, एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने दो वाहनों में सवार सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान आठ मोबाइल फोन और 24,090 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन में एसडीओपी अमरवाड़ा कल्याणी वरकड़े के नेतृत्व में थाना प्रभारी राजेन्द्र धुर्वे और पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक कंटेनर और काले रंग की टाटा सफारी में भारी मात्रा में गांजा भरकर अमरवाड़ा के रास्ते नरसिंहपुर की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम तेंदनीमाल मेन हाईवे पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर और टाटा सफारी आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर आरोपियों ने वाहनों को तेज गति से भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर भूमका घाटी के पास दोनों वाहनों को रोक लिया।

कंटेनर की तलाशी लेने पर केबिन में बनाए गए विशेष गुप्त बॉक्स से सात प्लास्टिक बोरियां बरामद हुईं। इनमें 252.48 किलोग्राम गांजा छिपाकर रखा गया था। कंटेनर में तीन आरोपी सवार थे।
वहीं टाटा सफारी की तलाशी के दौरान डैशबोर्ड बॉक्स से एक लोडेड पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस मिले। कार के अंदर दो बोरियों में 68.32 किलोग्राम गांजा भी बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों में सवार सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से लाना बताया है। पुलिस के अनुसार तस्करी का रूट रायपुर, नागपुर, मुलताई, छिंदवाड़ा और नरसिंहपुर होते हुए झांसी तथा संतकबीर नगर, उत्तर प्रदेश तक बताया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा संतकबीर नगर निवासी सदनलाल चौरसिया के कहने पर ले जाया जा रहा था। बरामद पिस्टल भी आरोपी मोनिस को सदनलाल द्वारा उपलब्ध कराए जाने की जानकारी सामने आई है। सदनलाल चौरसिया फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

पुलिस ने संतोष गिरी निवासी आगर-मालवा, मोनिस निवासी संतकबीर नगर, अजय यादव, कृष्ण कुमार, आदर्श सिंह और शुभम सिंह निवासी बस्ती तथा ऋषभ सिंह निवासी गोंडा को गिरफ्तार किया है। फरार आरोपी सदनलाल चौरसिया निवासी संतकबीर नगर की तलाश की जा रही है।

अमरवाड़ा थाने में अपराध क्रमांक 580/26 के तहत धारा 8/20 NDPS Act एवं 25, 27 Arms Act में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने 320.80 किलोग्राम गांजा, कंटेनर, टाटा सफारी, पिस्टल, पांच कारतूस, आठ मोबाइल फोन और 24,090 रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस अब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। कार्रवाई में थाना अमरवाड़ा पुलिस, थाना कुंडीपुरा पुलिस एवं साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।