ग्राम सभा का प्रस्ताव बेअसर बारिश में बढ़ती मुश्किलें सड़क निर्माण की मांग...प्रस्ताव कागजों में, सड़क जमीन पर जस की तस....!
26 Aug, 2026
61 व्यूज
नारायणगंज/मंडला नायक दर्पण
ग्राम पंचायत सिकोसी के अंतर्गत ग्राम भानपुर के चक्की मोहल्ले में सीसी रोड निर्माण की मांग वर्षों से अधर में लटकी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार आवेदन और निवेदन किए जा चुके हैं। इतना ही नहीं, ग्राम सभा में भी सीसी रोड निर्माण का प्रस्ताव दर्ज कराया गया, लेकिन अब तक मौके पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
प्रस्ताव हुआ, पर सड़क नहीं बनी.....!
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम सभा में प्रस्ताव दर्ज होने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि जल्द ही सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है। इससे मोहल्लेवासियों को रोजाना आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।
बारिश में बढ़ जाती है परेशानी.....!
चक्की मोहल्ले की सड़क की बदहाल स्थिति के कारण बारिश के दौरान ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। कीचड़ एवं खराब रास्ते के चलते आवागमन प्रभावित होने की बात ग्रामीणों ने कही है।
जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल.....!
लगातार आवेदन-निवेदन और ग्राम सभा में प्रस्ताव दर्ज होने के बावजूद सड़क निर्माण नहीं होने पर ग्रामीणों ने पंचायत के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब सड़क निर्माण का प्रस्ताव ग्राम सभा में दर्ज हो चुका है, तो उसके क्रियान्वयन में देरी का कारण क्या है?
ग्रामीणों ने की जल्द कार्रवाई की मांग.....!
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत सिकोसी के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से चक्की मोहल्ले का मौके पर निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही ग्राम सभा में दर्ज सीसी रोड के प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की गई है, ताकि मोहल्लेवासियों को लंबे समय से चली आ रही सड़क समस्या से राहत मिल सके।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!