त्योहार से पहले खाद्य विभाग का शिकंजा... 400 किलो अमानक कुंदा और 35 किलो घी पकड़ा, कारोबारियों को सुधार के नोटिस...!

26 Aug, 2026 794 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत विभागीय टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों और दुग्ध कारोबारियों के यहां निरीक्षण कर बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त की है। कार्रवाई के दौरान जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य करीब 3 लाख 61 हजार रुपये बताया गया है।

लखनादौन की डेयरी में अमानक मिला कुंदा.....!
26 अगस्त को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लखनादौन स्थित बलराम दूध डेयरी एवं कुंदा निर्माण यूनिट का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुंदा का नमूना लेकर विभागीय परीक्षण विधि से गुणवत्ता की जांच की गई, जिसमें कुंदा अमानक पाया गया। इसके बाद मौके से करीब 400 किलोग्राम कुंदा जब्त किया गया।
इसी प्रतिष्ठान में मानव उपभोग के लिए बिक्री हेतु रखा गया करीब 35 किलोग्राम घी भी जब्त किया गया। घी का नमूना लेकर गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजा गया है। विभाग की कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही।

अस्वच्छ परिस्थितियों में निर्माण, नोटिस जारी....!
निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री के निर्माण और भंडारण में स्वच्छता संबंधी कमियां भी सामने आईं। खाद्य सामग्री का निर्माण एवं भंडारण अस्वच्छ परिस्थितियों में किए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया है। साथ ही निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।

भीमगढ़ में मिठाई और दुग्ध उत्पादों के नमूने.....!
इसी अभियान के तहत भीमगढ़ क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। टीम ने सोनपपड़ी, गुलाब जामुन, दही और पनीर सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने गुणवत्ता जांच के लिए लिए।

इससे एक दिन पहले 25 अगस्त को चलित खाद्य....!
प्रयोगशाला के माध्यम से रितेश गुप्ता मिष्ठान भंडार, वैशाली राजपुरोहित मिष्ठान भंडार और उत्तम स्वीट्स का निरीक्षण किया गया था। यहां से विभिन्न प्रकार की मिठाइयों एवं खाद्य सामग्री के कुल 25 नमूने जांच के लिए लिए गए।

त्योहारों को लेकर लगातार चलेगा जांच अभियान....!
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती सोनू तिवारी ने बताया कि अभियान के दौरान जब्त खाद्य सामग्री का अनुमानित मूल्य करीब 3 लाख 61 हजार रुपये है। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से निर्माण और भंडारण के दौरान स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि त्योहारों को देखते हुए जिले में चलित खाद्य प्रयोगशाला एवं मैजिक बॉक्स के माध्यम से खाद्य पदार्थों की जांच लगातार जारी रहेगी। जांच में अमानक अथवा असुरक्षित खाद्य सामग्री मिलने पर संबंधित कारोबारकर्ता के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने साफ किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।