कूड़ो खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लहराया परचम...12 खिलाड़ियों ने जीते 10 पदक, 6 रजत और 4 कांस्य के साथ जिले का शानदार प्रदर्शन...!

24 Aug, 2026 80 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

इंदौर में आयोजित 11वीं मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय कूड़ो प्रतियोगिता में सिवनी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। 21 से 24 अगस्त तक इंदौर पब्लिक स्कूल, एबी रोड, इंदौर में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 500 से अधिक खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में हिस्सा लिया। सिवनी की 12 सदस्यीय टीम ने कड़े मुकाबलों में अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए कुल 10 पदक अपने नाम किए। इनमें 6 रजत और 4 कांस्य पदक शामिल हैं।

कोच एवं जिला कूड़ो संघ सिवनी के सचिव गोपाल कुमार कुशवाहा के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में उतरी सिवनी की टीम ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। सीनियर PI कैटेगरी में मोनिका धुर्वे (20 वर्ष, 56 किग्रा, PI-220) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया और रजत पदक जीता। प्रतियोगिता के दौरान उनका मुकाबला राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी से भी हुआ, जिसमें उन्होंने मजबूत चुनौती पेश की।

महिला वर्ग में सिवनी की खिलाड़ियों का प्रदर्शन विशेष रूप से प्रभावशाली रहा। अलग-अलग आयु एवं भार वर्गो में जिले की छह खिलाड़ियों ने रजत पदक हासिल किए।
मोनिका धुर्वे ने 20 वर्ष, 56 किग्रा PI-220 वर्ग में, भारती सेन ने 15 वर्ष, -42 किग्रा U-16 वर्ग में, खुशी चौरसिया ने 14 वर्ष, -36 किग्रा U-15 वर्ग में, अमीक्षा कश्यप ने 14 वर्ष, -39 किग्रा U-15 वर्ग में, वैष्णवी सोनी ने 11 वर्ष, -33 किग्रा U-12 वर्ग में तथा तान्या कश्यप ने 9 वर्ष, -33 किग्रा U-10 वर्ग में रजत पदक हासिल किया।
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने प्रतियोगिता में सिवनी की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई और जिले के खेल प्रेमियों को गौरवान्वित किया।

विद्या गेडाम (18 वर्ष, 49 किग्रा, PI-210) और तनु चौरसिया (16 वर्ष, 38 किग्रा, PI-200) ने भी अपने-अपने वर्ग में शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दोनों खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबलों का सामना करते हुए अपनी तकनीक और खेल कौशल का परिचय दिया। हालांकि वे पदक हासिल नहीं कर सकीं, लेकिन प्रतियोगिता में उनका प्रदर्शन टीम के लिए उल्लेखनीय रहा।

बालक वर्ग में भी सिवनी के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए चार कांस्य पदक हासिल किए। अनंत कुशवाहा ने 14 वर्ष, -46 किग्रा U-15 वर्ग में, प्रहलाद हनवंत ने 13 वर्ष, -36 किग्रा U-14 वर्ग में, धनराज सेन ने 12 वर्ष, -45 किग्रा U-13 वर्ग में तथा अनय दुबे ने 12 वर्ष, 42 किग्रा U-14 वर्ग में कांस्य पदक जीता।

प्रतियोगिता के दौरान सिवनी के खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय कूड़ो खिलाड़ी सोहेल खान से मिलने का अवसर भी मिला। सोहेल खान ने 2025 कूड़ो वर्ल्ड कप में पुरुष -250P कैटेगरी में रजत पदक हासिल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया है। वे कूड़ो वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी भी बने।
सिवनी के खिलाड़ियों ने उनसे कूड़ो खेल से जुड़े अनुभव साझा किए और उनकी उपलब्धियों से प्रेरणा ली। सोहेल खान वर्तमान में मुंबई आयकर विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं।

प्रतियोगिता के दौरान सिवनी टीम के कोच एवं जिला कूड़ो संघ के सचिव गोपाल कुमार कुशवाहा को कूड़ो एसोसिएशन ऑफ मध्यप्रदेश की ओर से मेमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के महासचिव एवं लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल के संयुक्त संचालक आलोक खरे ने भी उन्हें सम्मानित किया।
आलोक खरे ने सिवनी के खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों और प्रशिक्षक को शुभकामनाएं दीं। सम्मान के बाद गोपाल कुमार कुशवाहा ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता नियमित प्रशिक्षण, अनुशासन, मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।

सिवनी के खिलाड़ियों की सफलता पर जिला कूड़ो संघ के अध्यक्ष संजय सोनी, उपाध्यक्ष शुभम कुमार सोनी सहित संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों और कोच को बधाई दी। वहीं श्री महावीर व्यायामशाला संगठन के अध्यक्ष सुदर्शन बाझल, संचालक धीरज पाल, उपसंचालक अंकित मिश्रा, अभिषेक सोनी, छिदृदी लाल श्रीवास, रामायण पटेल एवं चंचलदास आहूजा ने भी खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त किया।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी मनु धुर्वे ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 12 खिलाड़ियों द्वारा 10 पदक हासिल करने से खिलाड़ियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने सिवनी में कूड़ो खेल की बढ़ती प्रतिभा और संभावनाओं को एक बार फिर सामने रखा है।