हरियाली महोत्सव में पौधारोपण, स्वच्छता अभियान और महिलाओं की प्रतियोगिता...जन समस्या निवारण संस्थान ने पर्यावरण संरक्षण के साथ महिलाओं और बच्चों को किया सम्मानित..!
24 Aug, 2026
27 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
जन समस्या निवारण संस्थान जिला सिवनी द्वारा 23 अगस्त को शहीद वार्ड स्थित अभिषेक कॉलोनी में हरियाली महोत्सव सहित विविध सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नर्मदेश्वर मंदिर में गीता पाठ एवं भगवान भोलेनाथ के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। आयोजन संस्थान की अध्यक्ष श्रीमती पार्वती डेहरिया के नेतृत्व में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद सनोडिया एवं शहीद वार्ड पार्षद जोएब जकी अनवर खान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में भगवत गीता पाठ की विदुषी श्रीमती कल्पना हिड़ऊ, नर्मदेश्वर मंदिर समिति अध्यक्ष श्री दिनेश ठाकुर, वरिष्ठ समाजसेवी श्री महेंद्र पंड्या सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं मातृशक्ति संगठन की पदाधिकारी मौजूद रहीं।
हरियाली महोत्सव के तहत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अभिषेक कॉलोनी में विशाल पौधारोपण किया गया। संस्थान के पदाधिकारियों और कॉलोनीवासियों ने अपने परिवार के नाम पर एक-एक पौधा रोपित किया। इस दौरान औषधीय, छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। संस्थान की ओर से ऐसे लोगों को पौधे वितरित किए गए, जिन्होंने उनकी देखभाल की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथियों को भी पौधे भेंट किए गए।
हरियाली तीज की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सावन झूला, सुहाग सामग्री वितरण एवं हल्दी-कुमकुम कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिलाओं ने एक-दूसरे को हल्दी-कुमकुम लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि और सुहाग की लंबी आयु की कामना की। कार्यक्रम में कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़, पेपर दौड़, सुई-धागा दौड़ और चूड़ी गेम सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं हुईं। सावन गीत एवं शैला नृत्य ने कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती कीर्ति ठाकुर ने किया।
संस्थान द्वारा शहीद वार्ड में स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई। सदस्यों ने सफाई कर्मचारियों के सहयोग से सड़क किनारे जमा खरपतवार और कचरे की सफाई की। उत्कृष्ट कार्य करने वाली नगरपालिका की महिला सफाई कर्मचारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने वाली महिलाओं और बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में संस्थान के उपाध्यक्ष वीरेंद्र नागरे, अधिवक्ता देवेंद्र डहेरवाल, अधिवक्ता शालिनी डेहरिया, उपाध्यक्ष अमृता बेदी, सचिव वर्षा विशेन, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी गहलोद, जिला संगठन मंत्री अनीता प्रजापति सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बरघाट ब्लॉक अध्यक्ष मंजू चक्रवर्ती सहित अन्य महिलाओं की भी सहभागिता रही। अंत में उपाध्यक्ष श्रीमती अमृता बेदी ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त करते हुए हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!