बाहरी प्रदेशों के किन्नरों की घुसपैठ पर विवाद सिवनी कोतवाली में शिकायत दर्ज...क्षेत्राधिकार को लेकर किन्नर समाज के दो गुट आमने-सामने धमकी देने का भी आरोप NCR दर्ज पुलिस जांच में जुटी...!

22 Aug, 2026 93 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

जिले में किन्नर समाज के दो गुटों के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। संजय वार्ड टिग्गा मोहल्ला निवासी किन्नर समाज की गुरु कशिश नायक ने अपने साथियों के साथ सिवनी कोतवाली थाने पहुंचकर महाराष्ट्र सहित अन्य प्रदेशों से आने वाले किन्नरों पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कथित रूप से नेग वसूली करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने एनसीआर क्रमांक 0649/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 352 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता 37 वर्षीय कशिश नायक का कहना है कि उनके गुरु और दादगुरु की कई पीढ़ियों से सिवनी शहर तथा आसपास के क्षेत्रों में नेग मांगने की परंपरा रही है, जिसके संबंध में उनके पास प्रमाण भी उपलब्ध हैं। आरोप है कि पिछले कुछ महीनों से महाराष्ट्र और अन्य प्रदेशों से कुछ किन्नर सिवनी जिले के भोमा, कान्हीवाड़ा, पलारी, केवलारी और बरघाट क्षेत्रों में पहुंचकर कथित रूप से वसूली कर रहे हैं।
शिकायत के अनुसार स्थानीय किन्नर समाज के सदस्यों ने जब उन्हें क्षेत्र छोड़ने की समझाइश दी तो बेबी नायक, उसका चेला मुस्कान निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) सहित अन्य लोगों द्वारा कथित रूप से गाली-गलौज और गोली मारने की धमकी दी गई।
कशिश नायक के मुताबिक इस संबंध में दो दिन पूर्व भी पुलिस को सूचना दी गई थी। इसके बावजूद 22 अगस्त को वही लोग कथित तौर पर बड़ी संख्या में अपने चेलों के साथ वाहनों से क्षेत्र में घूमते दिखाई दिए। इससे स्थानीय किन्नर समाज ने भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है।
मामले में पुलिस ने NCR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता, संबंधित पक्षों के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर विवाद और कथित धमकी के मामले की जांच कर रही है।