वर्षो से पुल और सड़क की मांग अधूरी... जान जोखिम में डालकर नदी पार कर स्कूल जाने को मजबूर छात्र छात्राएं..!
21 Aug, 2026
330 व्यूज
मंडला /नारायणगंज नायक दर्पण
मंडला/नारायणगंज। तहसील नारायणगंज के अंतर्गत ग्राम बोरिया के ग्वारी टोला में स्कूली छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को आज भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, बच्चों को स्कूल आने-जाने के लिए नदी पार करनी पड़ती है, जिससे उनकी जान पर खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई वर्षों से नदी पर पुल और आवागमन के लिए सड़क निर्माण की मांग संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखी जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। ऐसे में स्कूली बच्चों को नदी पार करके स्कूल जाना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से मांग करने के बावजूद उनकी समस्या की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
*ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार*
ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि ग्वारी टोला की स्थिति का स्थल निरीक्षण कराकर नदी पर पुल एवं सड़क निर्माण की उचित व्यवस्था जल्द की जाए, ताकि बच्चों और ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर नदी पार न करना पड़े।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और पुल केवल सुविधा नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा से जुड़ा हुआ महत्वपूर्ण विषय है। प्रशासन द्वारा जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण अपनी मांग को लेकर आगे सामूहिक रूप से आवाज उठाने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों का सवाल है—कई वर्षों से मांग के बाद भी आखिर कब जागेगा प्रशासन और कब मिलेगी ग्वारी टोला को सुरक्षित सड़क और पुल की सुविधा...?
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!