अभिभावकों की चिंता हुई दूर सांदीपनि विद्यालय कंडीपार के विद्यार्थियों के लिए बस सुविधा तय...नायक दर्पण ने उठाया मुद्दा प्रशासन ने सुनी पुकार...!

19 Aug, 2026 517 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

सांदीपनि विद्यालय कंडीपार में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के आवागमन की समस्या को लेकर जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। विद्यार्थियों को अब विद्यालय आने-जाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। प्रशासन ने आगामी 1 सितंबर 2026 से बस सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल सांदीपनि विद्यालय की कक्षाओं को कंडीपार स्थानांतरित किए जाने के बाद विद्यार्थियों के सामने आवागमन की बड़ी समस्या खड़ी हो गई थी। अभिभावकों ने भी बस सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई थी। इस मुद्दे को नायक दर्पण समाचार पत्र ने प्रमुखता से प्रकाशित करते हुए विद्यार्थियों और अभिभावकों की परेशानी को सामने रखा था। इसके बाद जिला प्रशासन ने परिवहन व्यवस्था को लेकर पहल तेज की है।

विद्यार्थियों की सुविधा के हिसाब से बनेगा रूट चार्ट
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने शिक्षा एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 1 सितंबर से विद्यार्थियों के लिए बस सुविधा प्रारंभ की जाए। बसों के रूट विद्यार्थियों के निवास क्षेत्र विद्यार्थियों की संख्या और विद्यालय तक पहुंचने वाले मार्ग को ध्यान में रखकर निर्धारित किए जाएंगे।

प्रशासन का प्रयास रहेगा कि विद्यार्थियों को बस पकड़ने के लिए अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े। इसके लिए सुविधाजनक स्थानों पर स्टॉपेज निर्धारित किए जाएंगे। साथ ही विद्यालय के समय के अनुसार बसों की समय-सारणी तैयार की जाएगी ताकि विद्यार्थी समय पर विद्यालय पहुंच सकें और छुट्टी के बाद सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से घर लौट सकें।

नियमित परिवहन व्यवस्था तक जिले से होगी व्यवस्था
राज्य स्तर से नियमित परिवहन व्यवस्था की प्रक्रिया पूरी होने तक जिला स्तर से बस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य यह है कि परिवहन सुविधा के अभाव में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

कलेक्टर ने अधिकारियों को बस संचालन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बस व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार रूट अथवा संचालन में आवश्यक बदलाव करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अभिभावकों की मांग को मिली राहत

बस सुविधा शुरू होने से उन अभिभावकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है जो लंबे समय से बच्चों के आवागमन को लेकर चिंतित थे। खासकर ऐसे परिवार, जिनके लिए रोजाना बच्चों को निजी साधन या किराये के वाहन से विद्यालय भेजना आर्थिक रूप से कठिन था उनके लिए प्रशासन की यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
नायक दर्पण द्वारा उठाए गए विद्यार्थियों के परिवहन संकट के मुद्दे के बीच जिला प्रशासन की इस पहल से अब विद्यार्थियों और अभिभावकों को राहत मिलने की उम्मीद है।