महात्मा ज्योतिबा फुले मिडिल स्कूल में उत्साहपूर्वक मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
16 Aug, 2026
78 व्यूज
नायक दर्पण/बालाघाट
महात्मा ज्योतिबा फुले मिडिल स्कूल, सरेखा में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का पर्व उत्साह, उमंग एवं देशभक्ति पूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 7 बजे विद्यालयीन छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी से हुई। प्रभात फेरी में विद्यार्थियों ने देशभक्ति नारों, गीतों एवं राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत झांकियों के माध्यम से लोगों में देशभक्ति की भावना का संचार किया।
प्रभात फेरी के बाद विद्यार्थी विद्यालय परिसर पहुंचे, जहां प्रातः 8:30 बजे मंडल अध्यक्ष श्री हीरालाल मराठे के मुख्य आतिथ्य में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सामाजिक सदस्य, अभिभावक, नारी शक्ति, स्थानीय पार्षद श्रीमती लोहीना पंचेश्वर, ग्रामीणजन, छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। ध्वजारोहण के पश्चात सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया गया।
इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर नृत्य, भाषण एवं विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया।
संस्था के प्रधानपाठक श्री राजेश कुमार पाण्डेय ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के इतिहास तथा स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के विचारों एवं कार्यों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
संस्था के संचालक श्री सनतराम पांचे ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना की। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका आसी दमाहे ने किया। अंत में विद्यार्थियों एवं उपस्थित अतिथियों को स्वल्पाहार वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!