2 विधि-विरुद्ध बालकों सहित 4 आरोपी गिरफ्तार 6 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद...पुलिस ने किया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश...!

15 Aug, 2026 598 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो विधि-विरुद्ध बालकों सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ और जांच के आधार पर कार्रवाई की। पूछताछ के दौरान आरोपियों से वाहन चोरी से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने के बाद पुलिस ने उनके कब्जे से छह मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा महाराष्ट्र, छिंदवाड़ा एवं सिवनी जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी सामने आई है। इससे पुलिस को गिरोह के अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय होने की आशंका है।
पुलिस अब बरामद वाहनों के संबंध में उनके वास्तविक मालिकों की जानकारी जुटाने के साथ ही आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं तथा चोरी किए गए वाहनों को कहां खपाया जाता था।
कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है।