शासकीय विधि महाविद्यालय में गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश, हुआ “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम

12 Aug, 2026 295 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

शासकीय विधि महाविद्यालय, सिवनी में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी के.सी. राउर के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार चौरासे सहित प्रो. रामेश्वर प्रसाद शिववेदी, प्रो. प्रदीप चौहान, प्रो. महेश मंडलोई, डॉ. बद्रीलाल मालवीय, राकेश बरदिया, एडवोकेट हिमांशु श्रीवास्तव, किशोर आत्मपूज्य, कमलेश ठाकुर, कपिल डागोरिया सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधिक सेवा प्राधिकरण से विजय शुक्ला ने उपस्थितजनों को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के ऐतिहासिक, राष्ट्रीय एवं संवैधानिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने तिरंगे को देश की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बताते हुए प्रत्येक नागरिक से राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार चौरासे ने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी से अभियान में सक्रिय सहभागिता करने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए “हर घर तिरंगा” अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।