आय से अधिक संपत्ति पर वन विभाग कर्मचारी के ठिकाने पर EOW पहुंची... दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच-पड़ताल जारी...!
12 Aug, 2026
546 व्यूज
मंडला नायक दर्पण (प्रदीप कुमार शर्मा)
वन विभाग में पदस्थ एक लिपिक के यहां बुधवार सुबह आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की टीम पहुंची। आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में की जा रही इस कार्रवाई के दौरान टीम द्वारा संबंधित कर्मचारी के ठिकाने पर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच-पड़ताल की जा रही है।
जानकारी के अनुसार EOW का दल सुबह के पहर संबंधित कर्मचारी के निवास पर पहुंचा। इसके बाद टीम ने आवश्यक दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड को अपने कब्जे में लेकर उनकी जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों द्वारा आय के स्रोत, संपत्ति, बैंक खातों तथा अन्य वित्तीय लेन-देन से संबंधित जानकारी खंगाले जाने की बात सामने आ रही है।
सूत्रों के मुताबिक जांच का मुख्य उद्देश्य कर्मचारी की घोषित आय और उसके नाम अथवा परिजनों के नाम दर्ज संपत्तियों के बीच संभावित अंतर की पड़ताल करना है। टीम द्वारा उपलब्ध दस्तावेजों का मिलान विभागीय रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय जानकारियों से किए जाने की संभावना है।
कार्रवाई के दौरान EOW के अधिकारियों ने मौके पर मौजूद दस्तावेजों को बारीकी से खंगाला। हालांकि जांच पूरी होने तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जांच में अब तक क्या-क्या तथ्य सामने आए हैं और कितनी संपत्ति का पता चला है।
बताया जा रहा है कि EOW की कार्रवाई अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि संबंधित कर्मचारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों में क्या तथ्य सामने आते हैं। फिलहाल मामले में आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!