पत्रकार सुरक्षा कानून और पत्रकार भवन की मांग पर कटनी में गूंजी एकजुटता...मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की 5वीं प्रदेश कार्यसमिति संपन्न...!
20 Jul, 2026
50 व्यूज
कटनी नायक दर्पण
मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की 5वीं प्रदेश कार्यसमिति एवं जबलपुर संभागीय सम्मेलन का आयोजन कटनी में हुआ। सम्मेलन में पत्रकार सुरक्षा कानून, पत्रकार भवन की स्थापना तथा संगठन की मजबूती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रदेशभर से आए पत्रकारों और पदाधिकारियों ने पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि पद्मश्री बाबूलाल दाहिया ने कहा कि पत्रकार और साहित्यकार स्वाभिमानी सहोदर हैं। उन्होंने क्षेत्रीय पटेरी बोली को मान्यता दिलाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि भाषा और संस्कृति के संरक्षण में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
बड़वारा विधायक धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि समाज की वास्तविक समस्याएं पत्रकारों के माध्यम से सामने आती हैं। उन्होंने ढीमरखेड़ा और बड़वारा में पत्रकार भवन के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। कटनी विधायक संदीप जायसवाल ने भी पत्रकार भवन हेतु भूमि और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। महापौर प्रीति सूरी ने कहा कि जनहित के मुद्दों के समाधान के बाद भी सकारात्मक खबरें प्रकाशित होना चाहिए। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित शुक्ला और जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रदेशाध्यक्ष शलभ भदौरिया ने पत्रकार सुरक्षा कानून को लागू कराने के लिए प्रदेशव्यापी आंदोलन की तैयारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, बल्कि संगठित प्रयासों से पत्रकारों के अधिकार सुनिश्चित कराए जाएंगे। प्रांतीय कोषाध्यक्ष शिशुपाल तोमर ने संगठन का आय-व्यय प्रस्तुत किया, जबकि महासचिव सुनील त्रिपाठी का प्रतिवेदन प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप सिंह भदौरिया ने पढ़ा। संगठन प्रभारी मोहम्मद अली ने पूर्व निर्णयों की पुष्टि कराते हुए आगामी रणनीति पर चर्चा की।
सम्मेलन में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों, महिला प्रकोष्ठ की प्रतिनिधियों तथा विधि प्रकोष्ठ के सदस्यों ने भी विचार रखे। विधिक सलाहकार ने बताया कि संगठन के नाम के कथित दुरुपयोग के मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश के अनेक जिलों से अध्यक्ष, महासचिव और पत्रकार सम्मेलन में शामिल हुए। सिवनी जिले से छिंदवाड़ा संभागीय अध्यक्ष मनीष जैन, जिलाध्यक्ष कृष्ण नंदन श्रीवास्तव तथा जिला महासचिव कन्हैया प्रजापति ने सहभागिता दर्ज कराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन से हुआ। संचालन डॉ. पारस जैन और डॉ. रौशनी विलईया ने किया। कटनी जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र राजपूत एवं उनकी टीम ने अतिथियों और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों का सम्मान किया तथा आयोजन को सफल बनाने में जिला इकाई के पदाधिकारियों और सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!