नायक दर्पण की खबर का असर खबर छपी प्रशासन जागा 6 स्कूली वाहनों पर कार्रवाई...लापरवाही उजागर स्कूल वाहनों की जांच में खुलीं खामियां...।

10 Jul, 2026 7 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

6 जुलाई 2026 को नायक दर्पण समाचार पत्र द्वारा स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर प्रमुखता से प्रकाशित खबर का असर अब दिखाई देने लगा है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिवनी यातायात पुलिस ने शहर की सड़कों पर स्कूल बसों एवं अन्य स्कूली वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान पुलिस ने वाहनों की फिटनेस, बीमा, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस, जीपीएस, प्राथमिक उपचार पेटी, अग्निशमन यंत्र, इमरजेंसी विंडो सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का बारीकी से निरीक्षण किया। अभियान के दौरान 6 स्कूली वाहनों में दस्तावेजों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं से संबंधित कमियां पाई गईं।

यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी 6 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 10 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मीडिया द्वारा उठाए गए मुद्दों के बाद प्रशासन की सक्रियता बढ़ी है। अभिभावकों ने भी उम्मीद जताई है कि नियमित जांच से स्कूल वाहनों में सुरक्षा मानकों का बेहतर पालन होगा और बच्चों की यात्रा अधिक सुरक्षित बन सकेगी।