बाढ़ के बीच बालाघाट पुलिस बनी जीवनरक्षक, 16 ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला किरनापुर, हट्टा पुलिस, एसडीआरएफ और हॉक फोर्स के संयुक्त रेस्क्यू अभियान से टला बड़ा हादसा

03 Jul, 2026 24 व्यूज
Main Photo
बाढ़ के बीच बालाघाट पुलिस बनी जीवनरक्षक, 16 ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला

किरनापुर, हट्टा पुलिस, एसडीआरएफ और हॉक फोर्स के संयुक्त रेस्क्यू अभियान से टला बड़ा हादसा

नायक दर्पण/बालाघाट।
जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच किरनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम भानपुर में बड़ा हादसा टल गया। खेतों में कृषि कार्य करने गए 16 ग्रामीण अचानक बढ़े जलस्तर के कारण बाढ़ में फंस गए। सूचना मिलते ही किरनापुर पुलिस, हट्टा पुलिस, एसडीआरएफ और हॉक फोर्स गोदरी की संयुक्त टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार तेज बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया जिससे ग्रामीणों के लौटने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। हालात गंभीर होते देख पुलिस ने बिना देर किए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और तेज बहाव के बावजूद संयुक्त टीम ने साहस, सूझबूझ और बेहतर समन्वय का परिचय देते हुए सभी 16 ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। समय रहते की गई कार्रवाई के कारण किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इस घटना के बाद बालाघाट पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान खेतों में जाने से पहले मौसम और जलस्तर की जानकारी अवश्य लें। जलमग्न पुल-पुलियों, नदी-नालों एवं प्रतिबंधित मार्गों को पार करने का प्रयास न करें। पुलिस द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 अथवा निकटतम पुलिस थाने को सूचना देने की अपील की गई है।