सात दिवसीय सिविल डिफेंस कार्यशाला का समापन, आपदा प्रबंधन में जनभागीदारी पर दिया जोर।
02 Jul, 2026
11 व्यूज
नायक दर्पण/बालाघाट।
होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा, बालाघाट द्वारा 24 जून से 30 जून 2026 तक आयोजित सात दिवसीय नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) कार्यशाला का मंगलवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यशाला का आयोजन डायरेक्टर जनरल होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन, भोपाल के निर्देशानुसार किया गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार गौरव रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशिक्षित नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज एवं राष्ट्रहित में करते हुए आपदा के समय सक्रिय भूमिका निभाएं।
सात दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नागरिक सुरक्षा की कार्यप्रणाली, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव (सर्च एंड रेस्क्यू), राहत एवं पुनर्वास कार्य तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से संबंधित व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया गया।
जिला कमांडेंट ललित कुमार उदय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला के समापन अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों को भविष्य में भी जनसेवा, नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर कमांडर होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ श्याम सिंह सहित करण सिंह, विशाल रजक, कमलेश मरावी, विशेष कुत्रा, राजेश धुर्वे और आशीष खारोल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!