वेनगंगा नदी के जगपुर घाट में युवक की डूबने से मौत, एसडीआरएफ और होमगार्ड टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला शव
21 Jun, 2026
50 व्यूज
नायक दर्पण/बालाघाट।
थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत वेनगंगा नदी के जगपुर घाट में एक युवक के डूब जाने की सूचना पर होमगार्ड क्यूआरटी एवं एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे की सर्चिंग के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाल लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 21 जून 2026 को दोपहर करीब 12:50 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि जगपुर घाट में एक युवक नदी में डूब गया है। सूचना मिलते ही होमगार्ड क्यूआरटी टीम एवं एसडीआरएफ की सात सदस्यीय टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने नदी किनारे खड़ी मोटरसाइकिल, कपड़े और चप्पलों के आधार पर युवक की तलाश शुरू की।
लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने युवक का शव नदी से बाहर निकाला। मृतक की पहचान रघुजी राणा (34 वर्ष), पिता वेंकटेश राणा, निवासी वार्ड क्रमांक 33, हरिओम नगर, बालाघाट के रूप में हुई। शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
रेस्क्यू अभियान में हवलदार रामभरोस वरकड़े सहित सैनिक धनलाल गौतम, युवराज ठाकरे, योगेश बघेल, आशीष साहू, राजेश धुर्वे, कमलेश मरावी तथा वाहन चालक देवेंद्र गेडाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!