कलेक्टर कार्यालय के कर्मचारी पर गिरी गाज...कलेक्टर ने दिखाई सख्ती किया निलंबन...!

16 Jun, 2026 2,050 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

अपर कलेक्टर कार्यालय लखनादौन में पदस्थ रीडर एवं सहायक ग्रेड-03 माधव प्रसाद तिवारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। लोकायुक्त जबलपुर की कार्रवाई के बाद कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने निलंबन आदेश जारी किए।

जानकारी के अनुसार न्यायालय अपर कलेक्टर लखनादौन में लंबित एक राजस्व प्रकरण के संबंध में आवेदक से शासकीय कार्य करने के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत के आधार पर 16 जून को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने जिला मुख्यालय सिवनी में कार्रवाई करते हुए माधव प्रसाद तिवारी को रिश्वत की राशि लेते समय रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

मामले को गंभीर कदाचार मानते हुए कलेक्टर ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियमों के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबन आदेश जारी कर दिए। आदेश में कहा गया है कि शासकीय कार्य के लिए रिश्वत लेना सेवा आचरण नियमों का गंभीर उल्लंघन है और यह शासकीय सेवा की गरिमा के विपरीत है।

निलंबन अवधि के दौरान माधव प्रसाद तिवारी का मुख्यालय तहसील कार्यालय कुरई निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। वहीं उनके पास मौजूद शासकीय दायित्वों एवं अभिलेखों का प्रभार सहायक ग्रेड-02 मदन कुमरे को आगामी आदेश तक सौंप दिया गया है।

इस कार्रवाई को जिले में भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रशासन की सख्ती के रूप में देखा जा रहा है। लोकायुक्त की कार्रवाई और उसके बाद तत्काल निलंबन से यह संदेश गया है कि रिश्वतखोरी के मामलों में अब प्रशासन किसी भी स्तर पर ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।