संगठन की ताकत दिखी सिवनी में कुशवाहा समाज ने एकता का दिया राष्ट्रीय संदेश...ऐतिहासिक सामाजिक सम्मेलन सम्पन्न देशभर से जुटे 1000 से अधिक समाजबंधु

15 Jun, 2026 26 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

अखंड भारतीय कुशवाहा महासभा भारत, जिला सिवनी के तत्वावधान में रविवार 14 जून 2026 को टिकोना पार्क स्थित राशि लॉन में आयोजित कुशवाहा सामाजिक सम्मेलन-2026 ऐतिहासिक एवं भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में मध्यप्रदेश सहित महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, राजस्थान एवं गुजरात से आए समाजबंधुओं तथा स्थानीय नागरिकों सहित लगभग 1000 से अधिक लोगों ने सहभागिता कर सामाजिक एकता का परिचय दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात संगठन के मूल मंत्र "एक झंडा, एक गीत, एक पहचान" के तहत अखंड भारत का संगठन गीत सामूहिक रूप से गाया गया। गीत के माध्यम से समाज में संगठन, राष्ट्रभक्ति, शौर्य, स्वाभिमान एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। इसके बाद भगवान कुश, भगवान गौतम बुद्ध एवं समाज के महापुरुषों का श्रद्धापूर्वक पूजन-अर्चन किया गया।

सम्मेलन की विशेष उपलब्धि सिवनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री दिनेश राय "मुनमुन" की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने संबोधन में अखंड भारतीय कुशवाहा महासभा द्वारा समाज जागरण, संगठन निर्माण और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज को एक सूत्र में बांधने वाले ऐसे आयोजन वर्तमान समय की आवश्यकता हैं तथा समाज के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सम्मेलन में विभिन्न राज्यों से आए समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों ने शिक्षा, संगठन, युवा सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता और समाज के सर्वांगीण विकास जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने समाज की एकजुटता को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए युवाओं से समाज हित में आगे आने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजक समिति ने सभी अतिथियों, समाजबंधुओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन के समापन अवसर पर समाज के उत्थान, संगठन विस्तार और सामाजिक एकता को और अधिक मजबूत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।