चार साल तक खामोशी..राज्य मंत्री समकक्ष का दर्जा..उपलब्धियों से ज्यादा किरकिरी की चर्चा..बहाबही की कोशिश पड़ी भारी.. एक बच्चा भी बोल सकता है..पर नही बोल पाई इशारे पर नचाने वाले जनप्रतिनिधि.. खुद की कमियाँ छोड़ी...!
05 Jun, 2026
720 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
जिला पंचायत अध्यक्ष को राज्य मंत्री स्तर का दर्जा प्राप्त है। ऐसे पद पर बैठे जनप्रतिनिधि से अपेक्षा की जाती है कि वह जिले के विकास, योजनाओं और जनहित के मुद्दों पर अपनी स्पष्ट राय रखे तथा मीडिया के सवालों का आत्मविश्वास के साथ जवाब दे। लेकिन हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि चार साल के कार्यकाल में भी अध्यक्ष स्वतंत्र रूप से अपनी बात रखने में सफल क्यों नहीं दिखीं।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती मुकेश डेहरिया के अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस चर्चा का विषय बन गई। लंबे समय से मीडिया से दूरी बनाए रखने के बाद अचानक बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस से पत्रकारों को उम्मीद थी कि अध्यक्ष जिला पंचायत के विकास कार्यो की जानकारी देंगी या फिर पंचायत में व्याप्त अनियमितताओं और व्यवस्थागत चुनौतियों पर खुलकर बात करेंगी। लेकिन ऐसा कुछ होता नजर नहीं आया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद पत्रकारों के अनुसार अध्यक्ष मालती डेहरिया ने मोबाइल के माध्यम से लिखित सामग्री पढ़ना शुरू किया। उनका वक्तव्य क्या संदेश देना चाहता था और प्रेस वार्ता आयोजित करने का वास्तविक उद्देश्य क्या था यह बात कई पत्रकारों की समझ से परे रही।
सवाल-जवाब के दौरान भी प्रेस कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य स्पष्ट नहीं हो सका। पत्रकार विकास कार्यो जिला पंचायत की प्राथमिकताओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर ठोस जानकारी की अपेक्षा कर रहे थे लेकिन उन्हें अपेक्षित जवाब नहीं मिले। स्थिति ऐसी बनी कि कुछ मीडिया प्रतिनिधि प्रेस कॉन्फ्रेंस बीच में ही छोड़कर बाहर निकल गए।
गली चौराहे में चर्चा है कि पहली बार पत्रकारों के सामने आई जिला पंचायत अध्यक्ष न तो अपने कार्यकाल की उल्लेखनीय उपलब्धियां प्रभावी ढंग से रख सकी और न ही जिला पंचायत से जुड़े महत्वपूर्ण सवालों पर स्पष्टता दे सकी। जिस मंच को अपनी कार्यशैली और उपलब्धियों को सामने रखने का अवसर माना जा रहा था वही कार्यक्रम उनकी आलोचना और किरकिरी का कारण बन गया।
राजनीतिक और सामाजिक हलकों में अब यह सवाल उठ रहा है कि आखिर प्रेस कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य क्या था
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!