पुलिस की घेराबंदी सफल... स्विफ्ट डिजायर कार में बने सीक्रेट चैम्बर से बरामद हुई करोड़ों की गांजा खेप..!
27 May, 2026
618 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
सिवनी जिले की लखनादौन पुलिस को अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 86 किलो 600 ग्राम गाँजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर 51 लाख 30 हजार रुपये की मशरूका जब्त की है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी लखनादौन अपूर्व भलावी के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार 27 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP 49 C 3251 में भारी मात्रा में अवैध गाँजा नागपुर से भोपाल ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना लखनादौन और छपारा पुलिस की संयुक्त टीम ने बम्होडी ब्रिज के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान कार में सवार दो व्यक्तियों ने अपना नाम जाकिर मिया (58 वर्ष) एवं कमल जाटव (41 वर्ष), निवासी भोपाल बताया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि कार की सीट के नीचे बनाए गए विशेष चैम्बर में गाँजा छुपाकर रखा गया है। पुलिस ने चैम्बर खोलकर तलाशी ली तो 15 पैकेटों में कुल 86.600 किलोग्राम गाँजा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना लखनादौन में अपराध क्रमांक 220/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब रिमांड लेकर पूरे नेटवर्क और सप्लाई चैन की जांच में जुटी हुई है।
जब्त मशरूका
86.600 किलोग्राम गाँजा – अनुमानित कीमत 43.30 लाख रुपये मारुति स्विफ्ट डिजायर कार – अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये कुल मशरूका – 51.30 लाख रुपये
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लखनादौन निरीक्षक के.पी. धुर्वे, थाना प्रभारी छपारा खैमेन्द्र जैतवार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई है।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!