गढ़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 57 लीटर अंग्रेजी शराब समेत कार जब्त

11 May, 2026 15 व्यूज
Main Photo

नायक दर्पण/बालाघाट।
जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश के बालाघाट पुलिस के थाना गढ़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 57 लीटर अंग्रेजी शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त हुंडाई सेंट्रो कार को जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 64 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 10 मई 2026 को थाना गढ़ी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि बैहर की ओर से एक फोरव्हीलर वाहन में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम खुशीपार खजरा तिराहा में वाहन चेकिंग शुरू कर दी।
चेकिंग के दौरान सिल्वर रंग की हुंडाई सेंट्रो कार क्रमांक CG04H3606 पुलिस को देखकर तेज रफ्तार से गांव की ओर भागने लगी। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए वाहन का पीछा किया, लेकिन आरोपी चालक पुलिस से बचने के लिए वाहन को गांव के बाहर खेत में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर फरार हो गए।
पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर कार से 7 कार्टून में रखी 57.240 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 63 हजार 918 रुपये आंकी गई है। वहीं परिवहन में प्रयुक्त हुंडाई सेंट्रो कार की कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब एवं वाहन सहित कुल 1 लाख 64 हजार रुपये की सामग्री जब्त कर ली है।
इस मामले में थाना गढ़ी में अपराध क्रमांक 35/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उन्नि. योगेश कुमरे, सउनि. चंदनलाल तैलासे, आरक्षक नागवेन्द्र पाण्डे, शुभम सेन, मोहित, अवधेश कुशवाह, एसएसयू याशु एवं तोशन की सराहनीय भूमिका रही।