अवैध रेत उत्खनन करते 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, 4 आरोपी हिरासत में।

10 May, 2026 18 व्यूज
Main Photo

नायक दर्पण/बालाघाट।
जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। थाना हट्टा पुलिस ने ग्राम मंगोली खुर्द स्थित वेनगंगा नदी घाट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत उत्खनन में संलिप्त 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर 4 आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस को लंबे समय से वेनगंगा नदी घाट से अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अविनाश सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने प्राइवेट वाहनों और मोटरसाइकिलों से गोपनीय तरीके से रैकी कर संभावित रास्तों की घेराबंदी की और योजनाबद्ध दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से अवैध रूप से रेत निकाल रहे 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े गए।
पुलिस ने इस मामले में प्रकाश राऊत, मोहपत राऊत, संजय भोपचे निवासी ग्राम पिपरझरी थाना हट्टा तथा परमेश्वर ठाकरे निवासी ग्राम जिदनेरा थाना रामपायली को हिरासत में लिया है। आरोपियों के खिलाफ थाना हट्टा में अपराध क्रमांक 49/26 के तहत बीएनएस की धारा 303(2), 317(5) एवं खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 4(1), 4(1ए), 21 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
जब्त वाहनों में महिंद्रा, आयशर और पॉवर ट्रेक कंपनी के ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अविनाश सिंह राठौड़, एसआई दिनेश जायसवाल सहित थाना स्टाफ एवं विशेष सहयोगी दस्ते के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बालाघाट पुलिस ने साफ किया है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।