भोपाल में बड़ा प्रदर्शन...वादे नहीं हक चाहिए भोपाल की सड़कों पर गूंजा गुस्सा नारे तख्तियां और चेतावनी... यह सिर्फ प्रदर्शन नहीं जुनून और जिद का उदाहरण था गर्मी में भी उबाल...कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मौके का फायदा उठाते हुए सरकार पर तंज कसा..

02 May, 2026 211 व्यूज
Main Photo
भोपाल/सिवनी नायक दर्पण

अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के आह्वान पर राजधानी भोपाल में पत्रकारों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। समन्वय भवन में आयोजित कार्यक्रम के बाद हजारों पत्रकारों ने न्यू मार्केट से रोशनपुरा चौराहा तक रैली निकालकर पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग बुलंद की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने पत्रकारों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और पत्रकार सुरक्षा कानून सहित अन्य मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस विषय पर मुख्यमंत्री से चर्चा कर आवश्यक पहल की जाएगी।

इस दौरान संघ के प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया ने उपमुख्यमंत्री को 21 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा, जिसमें पत्रकार सुरक्षा कानून को प्रमुखता से शामिल किया गया है। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने पत्रकारों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सरकार इन मांगों को पूरा नहीं करती है तो विपक्ष इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगा।

रैली में शामिल पत्रकारों ने हाथों में तख्तियां लेकर “पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करो” जैसे नारे लगाए। चिलचिलाती गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में पत्रकारों की भागीदारी ने आंदोलन की गंभीरता को दर्शाया। सिवनी जिले से भी बड़ी संख्या में पत्रकार इस प्रदर्शन में शामिल हुए और अपनी एकजुटता दिखाई।

उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम से पहले एक लिफ्ट हादसे में कुछ पत्रकार घायल हो गए थे, इसके बावजूद वे कार्यक्रम में शामिल हुए, जो उनके संकल्प को दर्शाता है।
पत्रकारों ने स्पष्ट किया कि वे अपनी मांगों को लेकर एकजुट हैं और जब तक पत्रकार सुरक्षा कानून लागू नहीं होता तब तक आंदोलन जारी रहेगा।