बरगी डैम में मौत का सफर तूफान में डूबा पर्यटक क्रूज 6 की मौत... 15 से ज्यादा लापता, रेस्क्यू में जुटी SDRF तेज आंधी बनी हादसे की वजह 19 यात्रियों को बचाया गया... 300 मीटर दूर डूबा क्रूज, अंधेरे और बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें...

30 Apr, 2026 240 व्यूज
Main Photo
जबलपुर के बरगी डैम में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब पर्यटकों से भरा क्रूज अचानक तेज आंधी के बीच नर्मदा नदी में डूब गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 15 से ज्यादा लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत की बात यह है कि 19 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसा डैम के किनारे से करीब 300 मीटर दूर हुआ। क्रूज में लगभग 40 से 45 लोग सवार थे। अचानक आए तेज तूफान ने हालात बिगाड़ दिए और यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लेकिन अंधेरा, बारिश और तेज हवा के चलते बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं। बड़ी टॉर्च की मदद से तलाश जारी रखी गई। इसी बीच टीम ने गैस कटर से क्रूज को काटकर एक व्यक्ति को जिंदा बाहर निकाला, जो करीब 3 घंटे से अंदर फंसा हुआ था।
डूबे हुए क्रूज को रस्सियों से बांधकर बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। मौके पर SDRF और स्थानीय लोग मिलकर लगातार रेस्क्यू में जुटे हुए हैं।
क्रूज पायलट महेश ने बताया कि वह पिछले 10 वर्षों से क्रूज चला रहा है और पूरी तरह प्रशिक्षित है। उसके अनुसार, क्रूज में पर्याप्त लाइफ जैकेट मौजूद थीं, लेकिन तूफान इतनी तेजी से आया कि यात्रियों को उन्हें पहनने का समय ही नहीं मिल पाया।
पर्यटन विभाग के अधिकारी योगेंद्र रिछारिया के मुताबिक, यह क्रूज वर्ष 2006 में बना था और इसकी क्षमता 60 यात्रियों की है।
इस हादसे में खमरिया के एक परिवार पर सबसे ज्यादा कहर टूटा है। आयुध निर्माणी के कर्मचारी कामराज आर्य अपने 15 परिजनों के साथ घूमने आए थे। परिवार के कई सदस्य क्रूज में सवार थे, जिनमें से एक बेटे को बचा लिया गया है, जबकि कामराज, उनकी पत्नी और अन्य सदस्य अब भी लापता हैं।
पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है, जबकि प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।