रेलवे फाटक बना जानलेवा जाम का अड्डा बरघाट-मंडला रोड पर ब्रिज की मांग...गैस गोदाम के पास घंटों जाम हादसे का काउंटडाउन शुरू...गेट बंद, सड़क बंद, सोच भी बंद प्रशासन कब खोलेगा आंखें...!

30 Apr, 2026 159 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

सिवनी जिले के बरघाट-मंडला रोड पर हालात अब सिर्फ समस्या नहीं, बल्कि खुला खतरा बन चुके हैं। रेलवे फाटक बंद होते ही सड़क पर ऐसा जाम लगता है मानो जिंदगी थम गई हो, लेकिन इससे भी ज्यादा खतरनाक है जिम्मेदारों की चुप्पी और लापरवाही।

हर दिन सैकड़ों वाहन घंटों तक फंसे रहते हैं, और इसी जाम में एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपात सेवाएं भी रास्ता नहीं बना पातीं। सवाल उठता है अगर किसी की जान चली गई तो जिम्मेदार कौन होगा..?

स्थिति तब और भयावह हो जाती है जब इसी जाम के बीच गैस गोदाम के पास भरे हुए टैंकर खड़े रहते हैं। चिलचिलाती धूप, भारी भीड़ और जाम यह सब मिलकर किसी बड़े विस्फोटक हादसे की जमीन तैयार कर रहे हैं।

लेकिन हैरानी की बात यह है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि दोनों ही इस गंभीर मुद्दे पर खामोश नजर आ रहे हैं। न कोई ठोस योजना न कोई त्वरित कार्रवाई

स्थानीय लोगों एवं वाहन चालक का साफ कहना है कि इस समस्या का स्थायी समाधान सिर्फ ब्रिज (ओवरब्रिज) ही है। जब तक यहां ब्रिज नहीं बनेगा तब तक जाम, खतरा और लापरवाही का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।