पहली जनसुनवाई में उमड़ा जनसैलाब नई कलेक्टर से उम्मीद....समाधान की आस लेकर पहुंचे सैकड़ों आवेदक..!
21 Apr, 2026
478 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
जिले में नवागत कलेक्टर श्रीमति नेहा मीना की पहली जनसुनवाई में आज भारी भीड़ देखने को मिली कलेक्ट्रेट परिसर में लंबी कतारें लग गई जहां जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोग अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे।
जिलास्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना द्वारा आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी जा रही हैं। प्रत्येक आवेदक की बात को गंभीरता और आत्मीयता से सुनते हुए समस्या के समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित हो सके।
जनसुनवाई में पहुंचे आवेदकों के चेहरों पर इस बार एक अलग ही उम्मीद नजर आई। कई लोगों ने बताया कि पहले भी कई बार अपनी समस्याएं लेकर जनसुनवाई में आ चुके हैं लेकिन केवल आवेदन लेने तक ही प्रक्रिया सीमित रह जाती थी और समस्याओं का निराकरण नहीं हो पाता था।
इस बार नई कलेक्टर से लोगों को सकारात्मक बदलाव की उम्मीद है। आवेदकों का कहना है कि अब उम्मीद है कि सिर्फ सुनवाई ही नहीं, बल्कि समस्याओं का ठोस समाधान भी होगा।
हर चेहरे पर परेशानी और जुबान पर एक ही बात अब उम्मीद है कुछ बदलेगा।जनता की जुबान से यह पहली जनसुनवाई केवल एक औपचारिक प्रक्रिया न रहे अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि कलेक्टर नेहा मीना की सख्ती जमीनी हकीकत बदल पाएगी या फिर यह भी केवल कागजी कार्रवाई बनकर रह जाएगी।
नई कलेक्टर की पहली जनसुनवाई ने जहां प्रशासनिक सक्रियता का संकेत दिया वहीं आम जनता में भी भरोसे की नई किरण जगा दी है। अब देखना होगा कि ये उम्मीदें जमीनी स्तर पर कितनी तेजी से हकीकत में बदलती हैं।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!