ग्रामीण मिट्टी से उठी चमकती मिसाल,पिहू ने लिख दिया मेहनत से कमाल। 491 अंक संग छू लिया आसमान, प्रदेश में 9वीं रैंक बेटी बनी अभिमान।

19 Apr, 2026 9 व्यूज
Main Photo

नायक दर्पण/बालाघाट।
जनपद पंचायत लालबर्रा अंतर्गत ग्राम पंचायत कटंगझरी की एक साधारण परिवार की बेटी ने अपनी लगन, मेहनत और अटूट समर्पण से पूरे मध्य प्रदेश को गर्वित कर दिया है। शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कटंगझरी की छात्रा कु. पिहू पारिमल ने मध्य प्रदेश बोर्ड कक्षा 10वीं की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 500 अंकों में से 491 अंक (98.2 प्रतिशत) प्राप्त किए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने प्रदेश स्तर पर 9वीं रैंक हासिल की है। यह सफलता न केवल पिहू के परिवार के लिए बल्कि पूरे ग्रामीण अंचल के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है। सीमित संसाधनों वाले छोटे से गांव कटंगझरी में जन्मी पिहू ने साबित कर दिया कि सही दिशा निरंतर प्रयास और मजबूत इरादे के सामने कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती। उनके इस उपलब्धि पर विद्यालय, गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
पिहू की सफलता की कहानी काफी प्रेरक है। प्रारंभ से ही मेधावी, अनुशासित और मेहनती रही पिहू ने पढ़ाई को कभी भी हल्के में नहीं लिया। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य होने के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। रात-दिन की मेहनत, नियमित अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। पिहू स्वयं बताती हैं कि मैंने हमेशा लक्ष्य को सामने रखा और डिसट्रकशन्स से दूर रहकर पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित किया। मेरे माता-पिता ने भी मुझे हर संभव सहयोग दिया जिससे मेरा आत्मविश्वास और बढ़ा पिहू के पिता श्री दिनेश पारिमल और माता श्रीमती तिलकेश्वरी पारिमल लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। वे सिलाई कार्य करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। साधारण परिवेश में रहते हुए भी उन्होंने अपनी बेटी की शिक्षा पर पूरा ध्यान दिया। पिहू की इस सफलता ने न केवल उनके माता-पिता का नाम रोशन किया है। बल्कि ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियों के लिए भी एक मजबूत संदेश दिया है कि छोटे गांवों की प्रतिभाएं भी बड़े मुकाम हासिल कर सकती हैं। बस उन्हें सही अवसर और प्रोत्साहन की जरूरत होती है।
विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकों ने पिहू की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि पिहू प्रारंभ से ही क्लास में पढ़ाई में टॉपर रही है। उसकी लगन और अनुशासन अन्य छात्रों के लिए उदाहरण है। सीमित सुविधाओं वाले हमारे विद्यालय से इतनी बड़ी सफलता मिलना गर्व की बात है। इस गौरवपूर्ण मौके पर ग्राम के गणमान्य नागरिकों, पंचायत प्रतिनिधियों, मित्रों, रिश्तेदारों और समाजजनों ने पिहू को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कई लोगों ने कहा कि पिहू की सफलता ग्रामीण अंचल की बेटियों को प्रेरित करेगी कि वे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ें और सामाजिक बाधाओं को पार करें।
जनपद पंचायत लालबर्रा और ग्राम पंचायत कटंगझरी के स्तर पर भी पिहू को सम्मानित करने की तैयारियां चल रही हैं। स्थानीय प्रशासन और शिक्षाविदों का मानना है कि ऐसी सफलताएं ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने का संकेत हैं। पिहू पारिमल की यह उपलब्धि साबित करती है कि मध्य प्रदेश के दूरदराज के गांवों में भी छिपी प्रतिभाएं चमक सकती हैं। यदि सरकार, समाज और परिवार स्तर पर लड़कियों की शिक्षा को प्राथमिकता दी जाए तो और कई पिहू पारिमल उभरकर सामने आएंगी।
पिहू की कहानी युवा पीढ़ी के लिए यह संदेश देती है कि सपनों को पूरा करने के लिए न तो बड़े शहरों की जरूरत होती है और न ही भारी संसाधनों की। बस चाहिए मजबूत इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच। कु. पिहू पारिमल को नायक दर्पण की टीम की ओर से उनकी इस शानदार सफलता के लिए हार्दिक बधाई। हम उनके भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियों की कामना करते हैं।