भगवान शिव की नगरी सिवनी में नवागत कलेक्टर नेहा मीना का धार्मिक शुरुआत के साथ संभाला कार्यभार, प्रशासनिक समन्वय, कानून व्यवस्था और जनसंवाद पर विशेष जोर... मीडिया प्रतिनिधियों की परिचयात्मक बैठक
13 Apr, 2026
1,143 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
सिवनी जिले में नवागत कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने कार्यभार ग्रहण करने से पहले मंदिर में पूजन-अर्चन कर जिले की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया। भगवान शिव की नगरी माने जाने वाले सिवनी में उनकी यह पहल चर्चा का विषय बनी रही।कार्यभार संभालते ही कलेक्टर मीना ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को आम जनता से नियमित संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनने और त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कानून एवं शांति व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को सतत निगरानी और बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि जिले में सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल बना रहे।
उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं को नागरिकों की वास्तविक जरूरतों से जोड़ते हुए अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होगी। इस दिशा में सभी विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर सभागार में आयोजित मीडिया प्रतिनिधियों की परिचयात्मक बैठक में श्रीमती मीना ने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने और सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताया
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा ऐसे महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं, जो सीधे नागरिकों के जीवन स्तर को प्रभावित करते हैं। इसलिए इन क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।
धार्मिक आस्था से शुरुआत, प्रशासनिक सख्ती के संकेत—क्या नेहा मीना के नेतृत्व में सिवनी में दिखेगा विकास का नया मॉडल...?
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!