रानी अवंती बाई की प्रतिमा के लिए बढ़ी पहल, लोधी समाज ने पंचायत से की मांग
28 Mar, 2026
92 व्यूज
नायक दर्पण/बालाघाट।
लालबर्रा तहसील मुख्यालय लालबर्रा की ग्राम पंचायत पांडरवानी में लोधी समाज ब्लॉक लालबर्रा द्वारा वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की मूर्ति स्थापना को लेकर सरपंच अनीस खान को ज्ञापन सौंपा गया। समाज के प्रतिनिधियों ने नगर मुख्यालय में प्रेरणास्रोत रानी अवंती बाई की प्रतिमा स्थापित करने की मांग रखते हुए इसे समाज की आस्था और गौरव से जुड़ा विषय बताया।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि लालबर्रा तहसील मुख्यालय होने के साथ-साथ क्षेत्र में लोधी समाज की संख्या भी अधिक है, ऐसे में नगर में रानी अवंती बाई की मूर्ति स्थापना अत्यंत आवश्यक है। प्रतिनिधिमंडल ने जानकारी दी कि हाल ही में जीएसटी कमिश्नर लोकेश लिल्हारे ने भी सरपंच अनीस खान के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर इस विषय पर चर्चा की है।
इस दौरान रामचंद्र सिहोरे, श्री दमाहे, श्री नागपुरे, श्री मोहारे, श्री सौलखे, राजा मसीहकर एवं श्री लिल्हारे सहित अन्य समाजजन उपस्थित रहे।
सहयोग का आश्वासन
ग्राम पंचायत पांडरवानी के सरपंच अनीस खान ने बताया कि लोधी समाज द्वारा मूर्ति स्थापना हेतु ज्ञापन प्राप्त हुआ है और पंचायत की ओर से इस कार्य में पूर्ण सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक अनुभा मुंजारे एवं जीएसटी कमिश्नर लोकेश लिल्हारे से भी चर्चा की जा चुकी है।
समाजजनों ने उम्मीद जताई है कि शीघ्र ही इस प्रस्ताव पर अमल करते हुए नगर में वीरांगना रानी अवंती बाई की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिससे आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिल सके।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!