बार-बार शिकायत के बावजूद नहीं सुधरे तार आग लगते ही जागा बिजली विभाग... लापरवाही की चिंगारी बनी आग का तूफान

27 Mar, 2026 872 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक नायक

ग्राम भंङारपुर, तहसील सिवनी में आज दोपहर करीब 2:00 बजे एक बड़ी लापरवाही से किसानों की मेहनत को राख में बदल दिया। 11 केवी बिजली लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण तीन किसानों की लगभग 10 से 12 एकड़ में खड़ी फसल देखते ही देखते धू-धू कर जल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली तारों की खराब स्थिति को लेकर किसानों ने कई बार लाइनमैन को अवगत कराया था लेकिन जिम्मेदारों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। नतीजा यह हुआ कि एक चिंगारी ने पूरे खेत को अपनी चपेट में ले लिया और किसानों की महीनों की मेहनत पल भर में खाक हो गई।
किसानों का कहना है कि अगर समय रहते बिजली तारों की मरम्मत कर दी जाती, तो यह हादसा टाला जा सकता था। किसानों ने साफ आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही ही इस नुकसान की असली वजह है।

हैरानी की बात यह रही कि जैसे ही खेतों में आग लगी तुरंत मध्य प्रदेश विद्युत मंडल के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और तारों को ठीक कर दिया गया। इससे ग्रामीणों में सवाल उठ रहा है कि आखिर यह तत्परता पहले क्यों नहीं दिखाई गई...?

क्या हर बार नुकसान के बाद ही जागेगा सिस्टम या जिम्मेदारों पर समय रहते कार्रवाई होगी।