विसर्जन घाट तक अब पक्की सड़क: विधायक अनुभा मुंजारे ने किया लोकार्पण
27 Mar, 2026
106 व्यूज
नायक दर्पण/लालबर्रा (बालाघाट)। क्षेत्रीय विधायक अनुभा मुंजारे ने ग्राम पंचायत पांडरवानी (लालबर्रा) में मेन रोड से विसर्जन घाट तक निर्मित सीमेंट कंक्रीट सड़क का विधिवत लोकार्पण किया। यह सड़क 7.50 लाख रुपये की लागत से गौण खनिज मद से स्वीकृत की गई थी, जिसका कार्य पूर्ण होने के बाद चैत्र नवरात्रि पर्व के अवसर पर जनता को समर्पित किया गया।
जानकारी के अनुसार, पूर्व शारदेय नवरात्रि के दौरान इस सड़क का भूमिपूजन किया गया था, जिसके बाद तेजी से निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया। सरपंच अनीस खान ने बताया कि यह सड़क लंबे समय से ग्रामवासियों और मां सतबहिनी मंदिर समिति की मांग थी, जिसे विधायक की अनुशंसा पर स्वीकृति मिली।
ग्रामीणों ने बताया कि विसर्जन घाट में हर वर्ष कृष्ण जन्माष्टमी, फुलेरा, गणेश उत्सव, नवरात्रि और दुर्गा उत्सव जैसे प्रमुख पर्वों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। पहले कच्चा मार्ग होने के कारण विशेषकर बरसात के दिनों में काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब पक्की सड़क बनने से आवागमन सुगम हो गया है।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान विधायक अनुभा मुंजारे ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए ऐसे कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। इस मौके पर सरपंच अनीस खान, विधायक प्रतिनिधि शैलेश केकती, सुमित स्वामी, नितिन सांखला, रामनाथ सोनी, रामचंद्र सीहोरे, पवन नामदेव, अधिवक्ता मनोज बंटी शर्मा, मनीष शास्त्री सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों में खुशी का माहौल
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
सड़क निर्माण पूर्ण होने पर ग्रामवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए विधायक का आभार जताया और कहा कि यह मार्ग धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!