दक्षिण उकवा में बच्चों के लिए “अनुभूति कार्यक्रम” का आयोजन

14 Jan, 2026 93 व्यूज
Main Photo
नायक दर्पण/बालाघाट।
दिनांक 13 जनवरी 2026 को मध्यप्रदेश वन विभाग, म.प्र. इको पर्यटन विकास बोर्ड, मध्यप्रदेश लघु वनोपज संघ एवं कैम्पा के संयुक्त तत्वावधान में वन परिक्षेत्र दक्षिण उकवा (सा.) अंतर्गत दक्षिण उकवा की किस नदी क्षेत्र में “अनुभूति कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को प्रकृति से जोड़ना तथा वनों के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत में बच्चों को निर्धारित स्थल पर लाकर स्वल्पाहार कराया गया। इसके पश्चात उन्हें ट्रेल भ्रमण पर ले जाया गया, जहां बच्चों को पक्षी दर्शन, औषधीय पौधों की जानकारी, वानिकी कार्यों तथा वनों की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया गया। मानव-वन्यप्राणी संघर्ष के विषय को रोचक बनाने के लिए भालू से संबंधित खेल के माध्यम से बच्चों को समझाया गया, जो उनके लिए ज्ञानवर्धक एवं रोमांचक अनुभव रहा।
भ्रमण के उपरांत बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। भोजन पश्चात बच्चों की रचनात्मकता एवं बौद्धिक क्षमता को प्रोत्साहित करने हेतु चित्रकला एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि के रूप में श्री अशोक मंडलेकर (जिला अध्यक्ष, लघु वनोपज संघ, बालाघाट) उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्रीमती मालती उइके (सरपंच ग्राम पंचायत बिठली), श्री कमल सिंह धुर्वे (सरपंच ग्राम पंचायत सोनगुड्डा), श्री प्रतापसिंह उइके (अध्यक्ष, ग्राम वन समिति सुंदरवाही) तथा श्री मेहतलाल इनवाती (अध्यक्ष, ग्राम वन समिति दूल्हापुर) भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बच्चों के मार्गदर्शन हेतु मास्टर ट्रेनर श्री चार्ल्स सर का योगदान सराहनीय रहा। कार्यक्रम की सफलता में उपवनमंडलाधिकारी उकवा (सा.) श्री तरुण कुमार डहेरिया, परिक्षेत्र अधिकारी दक्षिण उकवा (सा.) श्री आशुतोष सिंह, परिक्षेत्र अधिकारी उत्तर उकवा (सा.) सुश्री प्रियंका मरकाम सहित सभी परिक्षेत्र सहायकों, वन चौकी प्रभारियों, वनरक्षकों तथा वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।