बैहर बनेगा जनजातीय कारीगरों का केंद्र, 15 जनवरी को एम्पैनलमेंट मेला
14 Jan, 2026
118 व्यूज
नायक दर्पण/बालाघाट।
भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ मर्यादित (ट्राइफेड), भारत सरकार द्वारा जनजातीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 15 जनवरी 2026 को जनजातीय कारीगर एम्पैनलमेंट मेला आयोजित किया जा रहा है। यह मेला सीनियर बालक छात्रावास (नवीन भवन), रौंदाटोला, बैहर में संपन्न होगा।
मेले में जिले के विभिन्न विभागों के अंतर्गत जनजातीय कारीगरों एवं समूहों द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प एवं अन्य उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने आयोजन को सफल बनाने हेतु संबंधित विभागों को अपने स्तर से समन्वय अधिकारी नियुक्त कर प्रदर्शनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती शकुंतला डामोर ने बताया कि ट्राइफेड द्वारा आयोजित इस मेले में भाग लेने वाले जनजातीय कारीगरों एवं समूहों को आने-जाने का यात्रा भत्ता प्रदान किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य जनजातीय कारीगरों को विपणन से जोड़ना, उनके उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाना तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों से अपेक्षा की है कि वे सक्रिय सहभागिता करते हुए मेले को सफल बनाएं और अधिक से अधिक जनजातीय कारीगरों को इसका लाभ दिलाएं।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!