ब्राह्मण समाज की एकजुटता परिषद की बैठक में लिए महत्वपूर्ण निर्णय...संस्कृत संभाषण शिविर...जिले में बनेगा तीर्थयात्री भवन..

05 Mar, 2026 131 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

अखिल भारतीय ब्राह्मण एकीकृत परिषद की महत्वपूर्ण बैठक 1 मार्च 2026 को सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल, सोमवारी चौक भैरोंगंज सिवनी में आयोजित की गई। बैठक में परिषद के सदस्यों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। जिला अध्यक्ष श्री राघवेंद्र शर्मा (एडवोकेट) की अनुपस्थिति में बैठक की अध्यक्षता श्री बलराम तिवारी ने की, जबकि विशेष अतिथि के रूप में श्री महेंद्र मिश्रा मंचासीन रहे।
बैठक में परिषद के संगठनात्मक विस्तार, सामाजिक समन्वय और धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई। परिषद के सदस्यों ने निर्णय लिया कि जिले और नगर में कार्यरत सभी ब्राह्मण एवं विप्र संगठनों के प्रति सम्मान का भाव रखते हुए सहयोग की भावना से कार्य किया जाएगा।
साथ ही यह भी प्रस्ताव रखा गया कि परिषद के सदस्य अपने परिवारों में सनातन संस्कृति और ब्रह्मत्व संस्कारों को मजबूत करने के लिए तिलक, चोटी, जनेऊ, गायत्री मंत्र, भोजन मंत्र, गीता पाठ, हनुमान चालीसा तथा सामान्य पूजा पद्धति को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि परिषद के सदस्यों के घरों में यदि अतिरिक्त या अनुपयोगी स्थान उपलब्ध हो तो उसे अस्थायी रूप से परिषद के कार्यालय के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है। इसके अलावा जिला इकाई के पदाधिकारी और सदस्य सभी तहसीलों व नगरों में प्रवास कर परिषद की नई इकाइयों का शीघ्र गठन करेंगे।
परिषद द्वारा अप्रैल माह में जिला मुख्यालय पर संस्कृत संभाषण शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। इस शिविर में कक्षा छठवीं से लेकर किसी भी आयु वर्ग के लोग संस्कृत पढ़ना, बोलना और लिखना सीख सकेंगे। विशेष बात यह है कि इसमें किसी भी जाति या धर्म के व्यक्ति को भाग लेने की अनुमति होगी।
इसके अलावा नर्मदा तीर्थ यात्रियों के लिए जिले में एक तीर्थयात्री भवन के निर्माण का भी प्रस्ताव रखा गया, जहां यात्रियों के ठहरने, भोजन और पानी की व्यवस्था निशुल्क उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है।
बैठक में परिषद के सेवा और प्रशासनिक प्रकोष्ठ के लिए भी नई नियुक्तियां की गईं। सर्वसम्मति से पूर्व एस.आई. श्री महेंद्र मिश्रा को अध्यक्ष, श्री बलराम तिवारी को उपाध्यक्ष और श्री हीरामन तिवारी को सचिव नियुक्त किया गया।
बैठक का संचालन श्री घनश्याम दुबे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन श्री ताराचंद मिश्रा ने किया। बैठक में संभागीय उपाध्यक्ष श्री ताराचंद मिश्रा, जिला संयोजक श्री संजय मिश्रा, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री घनश्याम दुबे, विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्री अवधेश तिवारी (एडवोकेट), युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्री मनीष मिश्रा, श्री धीरज तिवारी, श्री बलराम तिवारी, श्री महेंद्र मिश्रा, श्री जगदीश प्रसाद मालवीय, श्री हीरामन तिवारी, श्री अंशुल अवस्थी, श्री अंकुर दुबे, श्री जितेन्द्र मिश्रा, श्री विपुल तिवारी, श्री तरंग शर्मा सहित बड़ी संख्या में विप्र बंधु उपस्थित रहे।