किसानों को सोलर पंप योजना का लाभ दिलाने शिविर लगाने के निर्देश कलेक्टर ने की प्रधानमंत्री कुसुम बी (कृषक मित्र सूर्य) योजना की प्रगति की समीक्षा

14 Jan, 2026 152 व्यूज
Main Photo
नायक दर्पण /बालाघाट।कलेक्टर श्री मृणाल मीना की अध्यक्षता में आज 14 जनवरी 2026 को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रधानमंत्री कुसुम बी योजना (प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना) के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, अक्षय ऊर्जा विभाग, कृषि विभाग, बैंक तथा पंजीकृत सोलर पंप वेंडर्स के अधिकारियों ने सहभागिता की।
कलेक्टर श्री मीना ने कहा कि प्रधानमंत्री कुसुम बी योजना किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी है और जिले के अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ दिलाया जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 के अस्थायी बिजली कनेक्शन वाले किसानों को प्राथमिकता के आधार पर योजना से जोड़ा जाए। इसके लिए विकासखंड, तहसील एवं पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर आवेदक किसानों के प्रकरण तैयार किए जाएं।
बैठक में बताया गया कि शासन द्वारा जिले को 2584 सोलर पंप कनेक्शन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें से 1621 हितग्राहियों के कार्य आदेश जारी हो चुके हैं। इन हितग्राहियों के CIF एवं AIF की प्रक्रिया पूर्ण कराने हेतु शिविरों के आयोजन तथा शेष आवेदकों को शीघ्र सोलर पंप कनेक्शन उपलब्ध कराने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन किसानों के प्रकरण पूर्ण हो चुके हैं और सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं, उनके खेतों में वेंडर्स तत्परता के साथ सोलर पंप की स्थापना प्रारंभ करें। साथ ही विभागीय समन्वय सुनिश्चित करते हुए योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री रवि कुमार कुम्हरे (संभाग बालाघाट), श्री लक्ष्मण सिंह (कार्यपालन अभियंता, बैहर), श्री बाबूलाल बैना (वारासिवनी संभाग), अक्षय ऊर्जा विभाग बालाघाट के अधिकारी, सिंचाई विभाग के कार्यपालन अभियंता, अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री संजीव कुमार, उप संचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय तथा पंजीकृत सोलर वेंडरों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में शिविरों की रूपरेखा, तकनीकी व्यवस्थाओं, किसानों के पंजीयन एवं सौर ऊर्जा से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई।