सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों का अध्ययन भ्रमण... जैविक खेती और गो आधारित

02 Mar, 2026 7 व्यूज
Main Photo
कुरई/सिवनी नायक दर्पण

मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद विकासखण्ड कुरई द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (BSW, MSW) के छात्र-छात्राओं का सामाजिक शोध एवं अध्ययन भ्रमण आयोजित किया गया। जिला समन्वयक श्री सौरभ शुक्ला एवं विकासखण्ड समन्वयक श्री कुलदीप सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को गो अनुसंधान केंद्र देवलापार का भ्रमण कराया गया।
अध्ययन भ्रमण के दौरान केंद्र में गो नस्ल संरक्षण, गौ आधारित उत्पादों, जैविक खेती, उद्यानिकी एवं कृषि में गो आधारित संसाधनों की उपयोगिता पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। केंद्र के प्रबंधक श्री प्रशांत पिसे, मेम चित्रा भालेकर एवं श्री संजय फुलबेल द्वारा गाय के आर्थिक, पर्यावरणीय एवं औषधीय महत्व की विस्तृत जानकारी साझा की गई। विद्यार्थियों ने गोशाला प्रबंधन, वर्मी कम्पोस्ट (केंचुआ खाद) निर्माण, वातावरण शुद्धिकरण, किसान हितैषी जैविक उत्पादों तथा महिलाओं को लघु व्यवसाय से जोड़ने के विषयों पर व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त किया।
भ्रमण के अंतर्गत विद्यार्थियों को खवासा क्षेत्र में मध्यप्रदेश वन विभाग द्वारा अनुपयोगी कबाड़ सामग्री से निर्मित विश्व की सबसे बड़ी कला बाघ (शेर) का भी अवलोकन कराया गया। इस अनूठी कलाकृति के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) एवं वन्य जीवन संरक्षण का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने आसपास के वन्य आवरण एवं पर्यावरणीय संतुलन का भी गहन अध्ययन किया।
इस अवसर पर परामर्शदाता सुश्री यास्मीन कुरैशी, श्री सबा तरन्नुम, सुश्री सुरेखा धराड़े, श्री अविनाश अहरवार, श्री विशाल कुमार नागवंशी सहित विभिन्न नवांकुर संस्थाओं एवं ग्राम विकास फ्रस्फुटन समिति के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
यह अध्ययन भ्रमण विद्यार्थियों के लिए केवल शैक्षणिक यात्रा नहीं, बल्कि सामुदायिक नेतृत्व क्षमता, पर्यावरण जागरूकता एवं ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण अनुभव सिद्ध हुआ।