वीर,गीत-गजल और हास्य रस से सजेगा काव्य मंच... स्व. डीपी चतुर्वेदी जयंती पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन 5 मार्च को ड्रीमलैंड सिटी में होगा
02 Mar, 2026
8 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
वरिष्ठ शिक्षाविद स्वर्गीय डीपी चतुर्वेदी की जयंती के अवसर पर 5 मार्च को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह भव्य काव्य आयोजन एसएससी महाविद्यालय, ड्रीमलैंड सिटी में दोपहर 12:00 बजे से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम का आयोजन भारत विकास परिषद के तत्वावधान में किया जा रहा है।
कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न शहरों से प्रतिष्ठित कवि अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे। झांसी से पधार रहे वीर रस के सुप्रसिद्ध कवि पंकज अंगार अपनी ओजपूर्ण रचनाओं से श्रोताओं में उत्साह का संचार करेंगे। वहीं दिल्ली से आईं कवयित्री रजनी श्रीवास्तव गीत और ग़ज़लों के माध्यम से होली पर्व को रंगों से सराबोर करेंगी।
बैतूल से आए हास्य कवि हरीश पांडे समसामयिक विसंगतियों पर अपनी व्यंग्य रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे, जबकि बैतूल के ही राजकुमार राज अपनी प्रभावशाली काव्य प्रस्तुति से मंच को नई ऊंचाइयां देंगे।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. रामकुमार चतुर्वेदी ने सभी साहित्य प्रेमियों एवं सुधी श्रोताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कवि सम्मेलन का आनंद लेने की अपील की है। यह आयोजन साहित्य, संस्कृति और विचारों के आदान-प्रदान का सशक्त मंच सिद्ध होगा।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!